समस्तीपुर में खाना बनाने के क्रम में सिलिंडर के रिसाव से लगी आग, 36 घर जलकर राख
दो घंटे कड़ी मशक्कत के बाद चार दमकलों ने आग पर पाया काबू, सरायरंजन के गंगसारा गांव में हुई घटना, करीब 20 लाख की संपत्ति की हुई क्षति।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। समस्तीपुर में भीषण अगलगी की घटना में 36 घर जलकर राख हो गए। खाना बनाने के क्रम में सिलिंडर के रिसाव से एक घर में आग लगी और देखते ही देखते कुल 36 घरों को अपने चपेट में ले लिया। यह घटना जिले के सरायरंजन प्रखंड क्षेत्र के गंगसारा गांव में बुधवार को हुई। अगलगी के कारण करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति जलने का अनुमान लगाया गया है। इस दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटनास्थल पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम और स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब दो घंटे कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बताया गया है कि गंगसारा निवासी राजेंद्र राम की पत्नी बबीता देवी रसोई गैस पर खाना पका रही थी। इसी दौरान सिलिंडर से रिसाव होने के कारण अचानक घर में आग लग गई। पीडि़त के शोर मचाने पर काफी संख्या में लोग जुट गए। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। लेकिन आग ने इतना बिकराल रूप धारण कर लिया कि आसपास के घरों में भी आग फैल गई।
इसके बाद लोगों ने फायर बिग्रेड को सूचना दी। घटना स्थल पर पहुंची चार फायर बिग्रेड की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी और बीडीओ गंगा सागर ङ्क्षसह ने घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पीडि़तों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। इस घटना में बीस लाख से अधिक की क्षति का अनुमान है।