डायन बताकर महिला के बाल काटे, श्मशान में कर रही थी तंत्र साधना, जानिए मामला...
समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामकिशनपुर गांव की घटना। श्मशान में मिला गोबर का बना पुतला। महिला को डायन बताकर लोगों ने बालकाट दिए। मामले में 3 लोगों को किया गया गिरफ्तार।
समस्तीपुर, जेएनएन। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामकिशनपुर गांव में एक महिला को डायन बताकर बाल काट लिया गया। इस बाबत पीडि़ता ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें गांव के दिलीप राम, विकास राम, श्याम राम, कुसुम देवी, गुलशन राम, सुरता राम, संजीत राम समेत सात को नामजद किया है। पुलिस ने कुसुम देवी, विकास राम, गुलशन राम उर्फ प्रवेश राम को गिरफ्तार कर लिया। अन्य की तलाश जारी थी। थानाघ्यक्ष विक्रम आचार्य ने कहा कि गिरफ्तार लोगों को गुरुवार को जेल भेज दिया गया।
यह है पूरा मामला
ग्रामीणों के मुताबिक, मंगलवार रात गांव की एक महिला श्मशान में तंत्र साधना कर रही थी। कुछ लोगों ने उसे देखा। बुधवार सुबह वहां भीड़ जुट गई। इसके बाद पड़ोस के कुछ लोगों ने उक्त महिला के बाल काट दिए। ग्रामीणों ने बताया कि बीते 1 मार्च को गांव के ही एक व्यक्ति की मौत हो गई। उसका यहां पर दाह संस्कार किया गया था। उसी स्थान पर महिला तंत्र साधना कर रही थी। उक्त स्थल पर गोबर का बना पुतला, शराब की बोतल, बताशा, अगरबत्ती मिली। पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। घटना से गांव में दहशत है।