बोले नगर विकास मंत्री, अगले तीन माह के अंदर जिले में शुरू हो जाएगी गैसपाइप लाइन बिछाने की प्रक्रिया Muzaffarpur News
कहा जलावन से खाना बनाने की जगह लोग एलपीजी से खाना पकाएं। इससे पर्यावरण को सुरक्षित रखना संभव हो सकेगा।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जिले में अगले तीन महीने में गैस पाइपलाइन बिछाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। यह बात बिहार सरकार के नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के सभी तबके के लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर रही है। इसके लिए जरूरी है कि जलावन से खाना बनाने की जगह लोग एलपीजी से खाना पकाएं। इससे पर्यावरण को सुरक्षित रखना संभव हो सकेगा। जलावन से खाना बनाने के दौरान कई बीमारियां भी हो जाती हैं। एलपीजी की मदद लेने से इससे निजात पाना संभव है।
नगर विकास मंत्री ने ईंधन बचाने की आवश्यकता पर भी बल दिया है। उन्होंने कहा कि पूरी तैयारी होने के बाद ही खाना पकाने की प्रक्रिया शुरू करना चाहिए। इससे हमलोग भावी पीढ़ी के लिए ईंधन बचा पाएंगे।
एसके मदर इंटरनेशनल स्कूल में ईंधन बचाने और लोगों को जागरूक करने को लेकर आायेजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोग जहां तक संभव हो वाहनों के प्रयोग से बचें। गाड़ी शेयर करके भी ईंधन का बचत किया जा सकता है।
उन्होंने जल-जीवन-हरियाली को लेकर भी बच्चों को संदेश दिया। कहा, सभी लोग कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं। इसके बाद बच्चों ने जन-जागरूकता के लिए पैदल मार्च भी किया। इसमें बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, ईंधन का अनावश्यक उपयोग नहीं करने और अन्य पोस्टर से लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम को स्कूल के प्राचार्य दीपक पाहुजा, भारत पेट्रोलियम के रीजनल मैनेजर मो.अहमद, भारत गैस के रीजनल मैनेजर राजकुमार सिंह ने भी संबोधित किया। संचालन शिक्षिका ऋषिका श्रीवास्तव व सलोनी सुमन ने किया।