शिव भक्तों की टोली निकली
'हाथी ना घोड़ा न कोनो सवारी, पैदल ही अइबो तोर दुआरी, हे भोलेनाथ' गीत के साथ शिव भक्तों की टोली निकली।
मुजफ्फरपुर। 'हाथी ना घोड़ा न कोनो सवारी, पैदल ही अइबो तोर दुआरी, हे भोलेनाथ' गीत गाती शिवभक्तों की टोली बाबा नगरी की ओर बढ़े जा रही थी। चौथी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ की नगरी मुजफ्फरपुर में 'बोल बम' के उद्घोष से सड़कें गूंज उठीं। रविवार की रात दस बजे प्रधान आरती के बाद जैसे ही मंदिर का पट खुला, जलाभिषेक के लिए कांवरियों का हुजूम उमड़ पड़ा। इस बीच देर रात तक करीब पंद्रह हजार कांवर व 5 हजार से अधिक डाक बम ने बाबा का जलाभिषेक किया।
बाबा गरीबनाथ के जलाभिषेक के लिए शहर में कांवरियों का आना शनिवार को जो शुरू हुआ, वह रविवार देर रात तक जारी रहा। कांवरियों के चेहरे पर थकान साफ झलक रही थी। मगर, मंजिल तक पहुंचने की धुन में वे आगे बढ़े जा रहे थे। जगह-जगह बज रहे भक्ति गीतों से जैसे उनमें नई ऊर्जा का संचार हो रहा हो, वे मगन हो नाचते-झूमते बाबा दरबार की ओर बढ़े चले जा रहे थे। कदम-कदम पर शिविरों में बजते भक्तिगीतों से लोग आनंदित हो रहे थे।
रात्रि नौ बजे महाआरती के समय थोड़ी देर के लिए पट बंद किया गया। इसके बाद पट खुलते ही जलाभिषेक शुरू हो गया। कांवरियों को परेशानी न हो, इसे देखते हुए पिछली सोमवारी की तरह इस बार भी प्रशासनिक व्यवस्था की गई थी। शिवभक्तों की आस्था को ठेस नहीं पहुंचे, इसका भी ख्याल रखा जा रहा था।
संगीत उत्सव बुधवार को
बाबा गरीबनाथ मंदिर न्यास समिति से सदस्य गोपाल फलक ने बताया कि 17 अगस्त को मंदिर परिसर के सत्संग सभागार में बाबा गरीबनाथ संगीत उत्सव का आयोजन होगा। जिसमें शास्त्रीय संगीत के सिद्धस्त साधकों को बाबा गरीबनाथ संगीत सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में सभी सम्मानित जन गायन और वादन के जरिए अपने-अपने क्षेत्र की विशिष्टताओं का प्रदर्शन करेंगे।
होगा शिव विवाहोत्सव
खादी भंडार चौक स्थित बाबा कौशलेश्वर नाथ मंदिर के पुजारी पं.ओम झा ने बताया कि चौथी सोमवारी के अवसर पर शाम छह बजे से शिव विवाहोत्सव होगा। इसे लेकर मंदिर को भव्य रूप से सजाया जाएगा। महाभोग भी लगेगा। इसमें आसपास के विभिन्न क्षेत्रों के लोग शामिल होंगे।