रंगारंग झांकियों के बीच प्रभारी मंत्री करेंगे झंडोत्तोलन, स्वतंत्रता सेनानियों को किया जाएगा सम्मानित
पंडित नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगा गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम। आयुक्त कार्यालय, आइजी कार्यालय व समाहरणालय समेत सभी सरकारी कार्यालयों में होगा झंडोत्तोलन।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। गणतंत्र दिवस पर जिले के प्रभारी व मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री पशुपति कुमार पारस झंडोत्तोलन करेंगे। मुख्य कार्यक्रम पंडित नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगा। प्रभारी मंत्री परेड की भी सलामी लेंगे। वे जिले के स्वतंत्रता सेनानियों को भी सम्मानित करेंगे। विभिन्न 24 टुकडिय़ां इस परेड में शामिल होंगी। वहीं सभी विभागों की झांकियां भी निकाली जाएंगी। इसके अलावा आयुक्त, आइजी कार्यालय व समाहरणालय समेत सभी सरकारी कार्यालयों में झंडोत्तोलन होगा।
इसके अलावा डीएम समेत सभी पदाधिकारी अनुसूचित जाति टोले में झंडारोहण करेंगे। दोपहर में कई खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। शाम में आम्रपाली ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। पंडित नेहरू स्टेडियम में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है। डीएम व एसएसपी ने संयुक्त आदेश जारी कर पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी है।
कब कहां होगा झंडोत्तोलन
पंडित नेहरू स्टेडियम : सुबह नौ बजे
आइजी कार्यालय : सुबह दस बजे
समाहरणालय : सुबह 10:10 बजे
एसएसपी कार्यालय : सुबह 10:20 बजे
डीआइजी कार्यालय : सुबह 10:25 बजे
आयुक्त कार्यालय : सुबह 10:30 बजे
जिप कार्यालय : सुबह 10:45 बजे