सकरा में अपराधियों ने पुजारी समेत दो को मारी गोली, जख्मी
सकरा की डिहुली पंचायत में हुई घटना, दुर्गास्थान के पुजारी जयराम पासवान व छोटू पासवान बैठे थे खटिया पर। बाइक सवार दो अपराधियों ने चलाई ताबड़तोड़ गोली।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। सकरा थाना क्षेत्र की डिहुली पंचायत के वार्ड नं. 4 में दुर्गास्थान के पुजारी व एक युवक को अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया। पुजारी खतरे से बाहर हैं जबकि छोटू के संदर्भ में पुलिस को कोई जानकारी नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटू का इलाज समस्तीपुर की निजी नर्सिंग होम में चल रहा है। घटना दोपहर तीन बजे की बताई गई है।
घटना के संदर्भ में बताया गया कि दुर्गास्थान के पुजारी व छोटू मंदिर के समीप खाट पर बैठे थे। तभी अपाचे सवार दो अपराधी मंदिर पर पहुंचे व ताबड़तोड़ फायङ्क्षरग कर दी। एक गोली पुजारी की पेट के नजदीक तो दूसरी गोली छोटू की पीठ पर लगी। पुजारी के भाई दिनेश पासवान का कहना है कि वह चापाकल पर पानी भर रहा था। तभी गोली की आवाज हुई तो वे लोग दौड़े।
वहां देखा कि छोटू के परिजन मोटरसाइकिल पर उसे लेकर समस्तीपुर निकल चले जबकि वह अपने पुजारी भाई को लेकर सकरा रेफरल अस्पताल पहुंचा। पुलिस को घटना की जानकारी पूर्व प्रमुख अनिल राम ने दी। डीएसपी ने घटना के संदर्भ में पूर्व प्रमुख से भी पूछताछ की। हालांकि घटनास्थल पर पुलिस को गोली या खोखा नहीं मिला है। डीएसपी पूर्वी ने अस्पताल में आकर घटना की जांच की।
पुजारी व ग्रामीण नागेश्वर पासवान व जगदीश पासवान से पूछताछ की। बताया जाता है कि छोटू अपनी बहन के यहां करीब साल भर से रहता था। अपराधी छोटू को मारने के लिए पहुंचे, लेकिन पुजारी को भी गोली लग गई। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है। जल्द ही घटना के कारणों का पता चलता चल जाएगा। गोलीबारी की घटना के बाद गांव में दहशत व्याप्त है।