पार्टी का टिकट लेकर प्रत्याशी हुआ फरार, नहीं किया नामांकन
राकांपा के जिलाध्यक्ष ने किया पार्टी से धोखाधड़ी निष्कासित। राकांपा प्रदेश अध्यक्ष नवल किशोर शाही ने जिलाध्यक्ष राम बाबू साह को पार्टी से निकाला।
सीतामढ़ी, जेएनएन। सीतामढ़ी लोकसभा चुनाव में अजीबोगरीब वाकया सामने आया है। एक प्रत्याशी ने चुनाव लडऩे के लिए पार्टी से टिकट तो लिया, लेकिन मैदान में उतरने के बजाए फरार हो गया। मामला राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का है। लंबे समय से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष रहे राम बाबू साह ने सीतामढ़ी लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लडऩे के लिए पार्टी का टिकट तो लिया, लेकिन नामांकन नहीं किया।
पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने इसे पार्टी के साथ धोखाधड़ी करार देते हुए जहां राम बाबू साह को जिलाध्यक्ष पद से हटा दिया है, वहीं पार्टी से हमेशा के लिए निकाल दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह सूबे के पूर्व मंत्री नवल किशोर शाही ने इस बाबत राम बाबू साह को पत्र भी भेजा है। प्रदेश अध्यक्ष ने पत्र में कहा है कि रामबाबू साह ने लोक सभा चुनाव लडऩे के लिए पार्टी से फॉर्म ए और बी लिया था। लेकिन उन्होंने नामांकन नहीं किया।
जबकि नामांकन की प्रक्रिया समाप्त हो गई है। प्रदेश अध्यक्ष नवल किशोर शाही ने इसे दुखद और दलीय नीति-सिद्धांत के साथ धोखाधड़ी करार करार दिया है। साथ ही कहा है कि यह असहनीय है। उन्होंने पार्टी से धोखाधड़ी के आरोप में पार्टी से हमेशा के लिए निष्कासि करते हुए पार्टी की सदस्यता भी समाप्त कर दी है।