दरभंगा के मनीगाछी में तनाव, पत्थरबाजी, घटना में पुलिस के कई जवान भी जख्मी, जानिए वर्तमान स्थिति
दोनों पक्षों के कई लोग जख्मी हो गए हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस के कई जवान भी इसमें चोटिल हो गए है। इस बीच उपद्रवियों ने कई दुकानों में लूटपाट भी की।
दरभंगा/मधुबनी, जेएनएन। दरभंगा के मनीगाछी थाना क्षेत्र स्थित दहौड़ा में एक व्यक्तिगत बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो पक्षों का विवाद बन गया।
इसके बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई। जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग जख्मी हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस के कई जवान भी इसमें चोटिल हो गए।
इस बीच उपद्रवियों ने कई दुकानों में लूटपाट भी की। स्थिति अनियंत्रित होने की सूचना मिलने पर कई थानाें की पुलिस पहुंच गई है। जिला मुख्यालय से एसएसपी बाबूराम सहित दंगा नियंत्रण और क्यूआरटी दस्ता को भी रवाना कर दिया गया है।
इस घटना का सीधा प्रभाव पड़ोसी जिले मधुबनी में भी देखने को मिल रहा है। यहां के सकरी में दुकानें बंद हो गई हैं। सैकड़ों की संख्या में लोग लाठी-डंडों के साथ सड़क पर उतर आए हैं। स्थिति काफी तनावपूर्ण है। हिंसा भड़कने की आशंका पर कई थानों की पुलिस को बुला लिया गया है। शनिवार रात से ही यहां माहौल खराब हो रहा था।
डीएम, एसडीओ सदर,एसडीओ बेनीपुर, एसएसपी , सिटी एसपी, एसडीपीओ बेनीपुर सभी मौके पर पहुंच गए हैं। इस बारे में डीएम ने कहा कि मनीगाछी दहौड़ा में स्थिति नियंत्रण में है। शांति बनाने के लिए दोनों पक्षों से बातचीत चल रही है।