तेजस्वी यादव पहुंचे पूर्वी चंपारण, बोले- बाढ़ से लोग बेहाल, सरकार को सिर्फ चुनाव व कुर्सी की चिंता
भारी बारिश के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने बाढ़ प्रभावित सुगौली क्षेत्र का लिया जायजा। कहा- सरकार की नाकामी के कारण झेलना पड़ रहा बाढ़ का दंश।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। एक ओर चम्पारण समेत राज्य की बड़ी आबादी बाढ़ से बेहाल है। वहीं, सरकार सिर्फ चुनाव व कुर्सी बचाने की चिंता में जुटी है। ये बातेें शुक्रवार को सड़क मार्ग से जिले में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहीं। उन्होंने भारी बारिश के बीच बाढ़ प्रभावित सुगौली क्षेत्र का जायजा लिया। तेजस्वी ने कहा कि सूबे की सरकार हर मोर्चे पर विफल है। यहां की जनता बाढ़ का दंश झेल रही है, लेकिन सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है।
सरकार की नाकामी के कारण झेलना पड़ रहा बाढ़ का दंश
उन्होंने काह कि सूबे के मुखिया घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं। बाढ़ में अपना सब कुछ गवां कर लोग आज सड़क पर या खुले आसमान के नीचे रहने को विवश है। कहा कि सरकार की नाकामी के चलते लोगों को बाढ़ का दंश झेलना पड़ रहा है। कागज में ही नदी के बांध को बांध दिया जा रहा है और कुछ जगह केवल काम के नाम पर खानापूर्ति कर दी जा रही है। बाढ़ के कहर से लोग भूखे प्यासे अपनी जिंदगी काट रहे हैं। लेकिन, बाढ़ पीड़ितों के लिए कोई राहत मुहैया नही कराया जा रही है। चारो ओर लूट खसोट मची है।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने सुगौली नगर पंचायत के अमीर खान टोला सड़क पर बाढ़ पीड़ितों को भोजन भी कराया। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष रेयाजुल हक मुन्ना के आवास पर उनका स्वागत किया गया। मौके पर प्रदेश महासचिव ओमप्रकाश सहनी, जिलाध्यक्ष सुरेश यादव, युवा प्रदेश अध्यक्ष कारी शोएब, प्रखंड अध्यक्ष अरविंद यादव, उपाध्यक्ष रेयाजुल हक मुन्ना, युवा अध्यक्ष अफरोज अंसारी, संजय ठाकुर, राधेश्याम शर्मा, मुस्ताक आलम, सैयद अफरोज, जयप्रकाश यादव, म. हारुण रशीद व शकीलुर्रहमान सहित कई राजद नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।