संदिग्ध विदेशी नागरिक पकड़ाया
बेतिया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में विक्षिप्त और भीखमंगे की शक्ल मे घूम रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ा है। उसपर विदेशी जासूस होने की आशंका जताई जा रही है।
मुजफ्फरपुर। बेतिया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में विक्षिप्त और भीखमंगे की शक्ल मे घूम रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ा है। उसपर विदेशी जासूस होने की आशंका जताई जा रही है। उसके मुल्क का पता नहीं चल सका है। कद-काठी और चेहरे से विदेशी नागरिक होने का शक जताया जा रहा है। उसकी हरकत विक्षिप्तों जैसी है। पकड़े जाने के बाद शुक्रवार को इंटेलिजेंस के अलावा एसपी जयंतकांत और सदर डीएसपी पंकज कुमार रावत ने भी उससे थाने में पूछताछ की। हालांकि उसके पास से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। उसके पास से भारतीय पांच रुपये के सिक्के, कुछ बिस्किट और एक टिकट मिलने की बात कही जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि भी नहीं हो सकी है। एसपी जयंतकांत ने बताया कि प्रथम²ष्टया वह विक्षिप्त प्रतीत हो रहा है। उसके संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
बताया गया कि विदेशी नागरिक जैसे चेहरे वाले व्यक्ति को घूमते देख किसी ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उसे पकड़कर मुफसिल पुलिस थाना लेकर आ गई। उसकी लंबाई करीब साढे 6 फीट, रंग गोरा और चेहरे पर फ्रेंच कट स्टाइल की दाढ़ी है। गर्मी के दिनों में भी वह शर्ट के ऊपर स्वेटर पहना था। एक की बजाय दो-दो फुल पैंट पहने था। उसका पूरा शरीर धूल-धूसरित था। सूचना पर इंटेलिजेंस की टीम ने मुफस्सिल थाना जाकर उससे पूछताछ की। बताया जाता है कि वह काफी कम बोल रहा है। लोगों को उसकी भाषा भी समझ में नहीं आ रही है। उसके पास जब खाना परोसा गया तो उसने खाने से भी इन्कार कर दिया। इंटेलिजेंस के एक सदस्य ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति की कद काठी भारतीय या नेपाली जैसा प्रतीत नहीं हो रहा है। इसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। संदिग्ध विदेशी नागरिक को जासूस होने के शक में पकड़ा गया है। उधर, लोगों का कहना है कि इसे पहले भी उसे सड़क के किनारे भीख मांगते देखा गया है।