दुल्हन के ससुराल में पांव रखते ही अजब-गजब का खेल, दूल्हा निकला चालबाज, बिहार के पश्चिम चंपारण की घटना
पश्चिम चंपारण में एक चौकाने वाली घटना हुई है। बीते चार सितंबर को प्रेमी युगल ने मंदिर में रचाई शादी स्वजनों ने घर से खदेड़ा पीडि़त लड़की की मां ने थाने में चार लोगों के खिलाफ की शिकायत शादी का झांसा देकर दो वर्षों तक यौन शोषण करने आरोप।
पश्चिम चंपारण, जासं। नौतन के एक गांव में अजब-गजब तरीके की घटना हुई है। दो वर्षों से लगातार प्रेम करने वाले प्रेमी युगल ने मंदिर में खुशी-खुशी शादी रचाई। दूल्हे ने दुल्हन को लेकर अपने गांव पहुंचा। स्वजनों ने दरवाजे पर खड़ा होकर उन दोनों का ऐसे स्वागत किया जिसकी उन्हें को उम्मीद नहीं थी। दुल्हन को घर में पांव तक नहीं रखने दिया। गाली- गलौज करते हुए दोनों को भगाने लगे। घर के बाहर हाईवोल्टेज ड्रामा देख स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन मामला और उलझ गया। लड़की के स्वजनों का कहना है कि इन दोनों के बीच काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था, लड़का बहकी-बहकी बातेंं कर शादी टाल रहा था, लेकिन दबाव के बाद इन दोनों ने शादी रचाई।
बताते चलें कि नौतन स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव में पिछले दो वर्षों से शादी का झांसा देकर नाबालिग लड़की से संबंध बनाने का मामला सामने आया है। विगत चार सितंबर को गांव के एक मंदिर में दोनों ने शादी रचाई। शादी के बाद युवक अपनी विवाहिता को लेकर घर गया तो उसके घर वालों ने खदेड़ दिया। जिसने सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा कर देवता को साक्षी मान शादी किया था, वह लड़का भी नाबालिग को छोड़ दिया। वह अपने स्वजनों के साथ रह गया। अभी पीडि़ता अपने मायके में है। पीडि़ता की मां इस मामले में थाने में आवेदन दी है। थानाध्यक्ष मनीष कुमार शर्मा ने बताया कि मामला गंभीर हैं। पीडि़त लड़की की मां के आवेदन के आलोक में पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। पीडि़ता का भी बयान लिया गया है। पीडि़ता का कहना है कि दो वर्ष से रूपेश गिरी शादी का झांसा देकर यौन शोषण कर रहा था। दो बार नाबालिग को दवा खिलाकर आरोपित ने गर्भपात भी कराया। इधर, पीडि़ता जब शादी के लिए दबाव बनाई तो आरोपित बीते चार सितंबर को गांव के एक मंदिर में शादी कर लिया। मामला पुलिस में आने के बाद पुलिस अब जांच पड़ताल में जुट गई है।