Bihar News: मुजफ्फरपुर में कंबल वितरण के दौरान भगदड़, एक महिला की दबकर मौत
बिहार के मुजफ्फरपुर में रविवार को कंबल वितरण किया जा रहा था। इस दौरान भगदड़ मच गई। इसमें दबकर एक महिला की मौत हो गई।
मुजफ्फरपुर [जेएनएन]। हाड़ कंपा रही ठंड में कंबल की खातिर कई गांवों से शहर के छाता चौक स्थित चित्रगुप्त एसोसिएशन के दफ्तर पहुंची महिलाओं की भीड़ में से एक की मौत रविवार की सुबह मची भगदड़ में हो गई। इस दौरान कई अन्य महिलाएं व बच्चे जख्मी हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची काजी मोहम्मदपुर थाना की पुलिस ने मौके पर स्थिति को संभाला और चिंताजनक स्थिति में एक अन्य महिला को इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भेजा। वहीं मरी महिला की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस महिला की पहचान कराने के लिए भीड़ में शामिल महिला से जानकारी लेने की कोशिश में घंटों लगी रही। लेकिन, करीब छह घंटे बाद तक महिला की पहचान नहीं हो पाई थी। जख्मी महिला भी तत्काल कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है।
बताया गया है कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गरीबों के बीच मुफ्त कंबल वितरण की तिथि घोषित की गई थी। घोषणा के अनुरूप शनिवार की देर रात से ही महिलाओं की भीड़ कंबल लेने के लिए लाइन में खड़ी हो गईं। शीतलहर के बीच अलाव जलाकर रात काटने के बाद जब कंबल लेने गईं तो भगदड़ मच गई। आयोजक मौके से वितरण आरंभ होने के साथ गायब हो गए। इस बीच भगदड़ में महिला की मौत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मामले में किसी भी पक्ष से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
इस बारे में मुजफ्फरपुर (नगर) पुलिस उपाधीक्षक रामनरेश पासवान ने कहा कि भगदड़ में एक महिला की मौत हुई है। उसके साथ कोई अपना घटना के वक्त नहीं था। पहचान कराने की दिशा में पुलिस काम कर रही है।
वहीं, इस बारे में मुजफ्फरपुर चित्रगुप्त एसोसिएशन अध्यक्ष अजय नारायण सिन्हा ने कहा घटना दुखदायी है। मैं शहर से बाहर हूं। शहर में मौजूद संगठन के लोगों से जानकारी प्राप्त कर रहा हूं।