खबड़ा में हमला करने के मामले में विशेष पुलिस टीम ने पांच लोगों को किया गिरफ्तार Muzaffarpur News
03 घंटे एनएच-28 पर आगजनी कर किया था सड़क जाम। 06 प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने मौके से लिया था हिरासत में। पांच लोगों को भेजा जा रहा जेल।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। अहियापुर में जिंदा जलाई गई युवती की मौत से आक्रोशित होकर लोगों ने मंगलवार को खबड़ा में एनएच-28 को जाम कर दिया था। इस दौरान हंगामा किया और समझाने गई पुलिस के साथ उलझ गए और पथराव किया था। कानून व्यवस्था को हाथ लेने के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। अब उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस घटना में पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी थी। पथराव में नगर डीएसपी रामनरेश पासवान के अंगरक्षक सिपाही पुलिन कुमार सिंह समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मी जख्मी हो गए थे। इस दौरान तीन घंटे तक खबड़ा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील रहा था। इससे वहां काफी समय तक अफरातफरी का माहौल बना रहा था। मौके से सवर्ण सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष भागवत शर्मा सहित छह को हिरासत में लिया गया था। अब इसमें से पांच लोगों को जेल भेजा जा रहा।
इस तरह हुई घटना
युवती की मौत से आक्रोशित सवर्ण सेना के सदस्य मंगलवार को खबड़ा में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। टायर जलाकर आगजनी की थी। वे आरोपितों को स्पीडी ट्रायल से फांसी की सजा देने की मांग कर रहे थे।
सवर्ण सेना ने किया इन्कार
सवर्ण सेना ने विज्ञप्ति जारी कर कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से बंद किया गया था। पुलिस ने अपराधियों के सहयोग से आम जनता पर लाठीचार्ज किया है। सेना की तरफ से शांतिपूर्ण तरीके से बंद कराया गया था। जिलाध्यक्ष चंदन सिंह ने कहा कि कई दबंग नेता इस मामले को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। बंदी के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष को पुलिस पकड़कर ले गई है और अब तक छोड़ा नहीं गया है। पुलिस पर दबंगों से मिलीभगत का आरोप लगाया गया है।