एसकेएमसीएच में MBBS थर्ड राउंड की काउंसलिंग पूरी, स्टेट कोटा में अब महज तीन सीटें खाली
एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर में एमबीबीएस सत्र 2026-27 के लिए दाखिले की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जहां नीट यूजी काउंसलिंग के ...और पढ़ें

123 सीटों में से अब तक 120 सीटों पर सफलतापूर्वक नामांकन कराया जा चुका है।
HighLights
SKMCH में MBBS दाखिले का तीसरा राउंड पूरा।
स्टेट कोटे की 123 में से 120 सीटें भरीं।
कुल 150 में से अब 6 सीटें रिक्त।
केशव कुमार, मुजफ्फरपुर। SKMCH Muzaffarpur MBBS Admission: श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय (SKMCH) में एमबीबीएस सत्र 2026-27 के तहत दाखिले की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।
नीट यूजी काउंसलिंग के तीसरे राउंड के पूरा होने के बाद अब मेडिकल कॉलेज में सीटें भरने की होड़ अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है।
नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) द्वारा इस सत्र के लिए कुल 150 सीटों पर नामांकन की मंजूरी दी गई है, जिसके तहत छात्रों में दाखिले को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।
स्टेट कोटा की 120 सीटों पर नामांकन
काउंसलिंग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, स्टेट कोटे के तहत निर्धारित 123 सीटों में से अब तक 120 सीटों पर सफलतापूर्वक नामांकन कराया जा चुका है। इसके बाद अब स्टेट कोटे से केवल 3 सीटें ही शेष बची हैं। इन बची हुई सीटों पर कब्जा जमाने के लिए आने वाले दिनों में छात्रों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।
अन्य कोटों में भी कुछ सीटें रिक्त
सिर्फ स्टेट कोटा ही नहीं, बल्कि अन्य श्रेणियों में भी कुछ सीटें खाली हैं। कॉलेज प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, ऑल इंडिया कोटा (AIQ) के तहत 2 सीटें और सेंट्रल नॉमिनी कोटे के तहत 1 सीट अभी रिक्त पड़ी है।
इन खाली सीटों के कारण कम अंकों से पीछे छूट गए मेधावी छात्रों के लिए अभी भी उम्मीद की किरण बनी हुई है।
दस्तावेजों के सत्यापन के लिए उमड़ी भीड़
दाखिले की अंतिम औपचारिकताएं पूरी करने के लिए कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों का तांता लगा रहा। शनिवार को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन काउंटरों पर सुबह से ही भारी भीड़ नजर आई।
एक तरफ जहां मेडिकल कॉलेज में प्रवेश पाने की खुशी छात्रों के चेहरों पर साफ झलक रही थी, वहीं दूसरी तरफ कागजी कार्रवाई पूरी करने की गहमागहमी भी बनी रही।
जल्द शुरू होंगी नए सत्र की कक्षाएं
नामांकन की प्रक्रिया के बीच एसकेएमसीएच के प्राचार्य ने नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं शुरू करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। कक्षाओं के संचालन की तिथि तय करने के लिए प्राचार्य ने एकेडमिक काउंसिल की एक अहम बैठक बुलाई है।
प्राचार्य ने बताया कि एनएमसी द्वारा स्वीकृत कुल 150 सीटों के विरुद्ध फिलहाल 6 सीटें रिक्त रह गई हैं, जिनकी भरपाई चौथे राउंड की काउंसलिंग में होने की पूरी उम्मीद है। रिक्त सीटों का विवरण बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (BCECEB) को भेज दिया गया है।
चौथे राउंड की सूची आते ही शेष सीटों पर नामांकन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके साथ ही नामांकित विद्यार्थियों को हॉस्टल अलॉट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है और जल्द ही नए बैच की पढ़ाई विधिवत रूप से आरंभ कर दी जाएगी।
