धूमधाम से मनी भगवान श्रीकृष्ण की छट्ठी
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के छठे दिन शुक्रवार को राजेंद्रपुरी, कलमबाग रोड स्थित अतिप्राचीन ठाकुरबाड़ी सहित विभिन्न राधाकृष्ण मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण का छट्ठी उत्सव धूमधाम से मनाया गया।
मुजफ्फरपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के छठे दिन शुक्रवार को राजेंद्रपुरी, कलमबाग रोड स्थित अतिप्राचीन ठाकुरबाड़ी सहित विभिन्न राधाकृष्ण मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण का छट्ठी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिरों की सजावट व भगवान का किया गया श्रृंगार देखते बनता था। ठाकुरबाड़ी में महंत चंद्रशेखर जायसवाल ने भगवान को सुंदर से सजाया। मंदिर की भी भव्य सजावट हुई। रात आठ बजे से उत्सव शुरू हुआ। बधाई गीतों से आसपास का क्षेत्र गूंजता रहा। विधिवत पूजा व महाआरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इधर, हरिसभा चौक स्थित श्रीश्री 108 मुरली मनोहर राधाकृष्ण मंदिर में पुजारी पं. रवि झा ने भगवान का भव्य श्रृंगार किया। सुन्दर-सुन्दर वस्त्र व आभूषण पहनाए गए। महाभोग लगा, फिर महाआरती हुई। इस अवसर पर कई भक्तगण मौजूद रहे। भगवान को झूला भी झुलाया गया। उधर, कालीबाड़ी रोड, तीन पोखरिया स्थित बालाजी हनुमान मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का छट्ठी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिर के पुजारी पं. कमलकांत झा ने भगवान के शालिग्राम रूप को पंचामृत से स्नान कराकर भगवान को पीले चंदन का लेप लगाकर मनमोहक श्रृंगार किया। मुख्य यजमान अमरेन्द्र कुमार 'अमर' व आशा देवी ने भगवान को महाभोग लगाया। बधाइयां भी गाई गई। इस अवसर पर बालाजी परिवार के कई सदस्य व आसपास के लोग मौजूद रहे। इधर, बाबा गरीबनाथ मंदिर, सिकंदरपुर स्थित श्रीराणी सती दादी मंदिर, संतोषी माता मंदिर, मालीघाट स्थित मुरली मनोहर राधाकृष्ण मंदिर, गन्नीपुर स्थित मां वैष्णो मंदिर, मक्खन साह चौक स्थित बाबा गौरेश्वरनाथ महादेव मंदिर आदि जगहों पर भी भव्य आयोजन हुए।