जरूरतमंदों की सेवा को आगे आए शिवहर के समाजिक कार्यकर्ता
ताजपुर गांव में वृद्ध असहाय और जरूरतमंदों के बीच बांटे कपड़े। अरविंद कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण और शीतलहर के बीच समाज का एक तबका परेशान है। ठंड की वजह से गरीबी रेखा के नीचे के लोगों का बुरा हाल है।
शिवहर, जासं। एक ओर इलाका शीतलहर की गिरफ्त में है, वहीं दूसरी ओर गरीबों को तन ढ़कने के लिए कपड़ा तक नहीं है। यही वजह हैं कि शिवहर के युवाओं ने गरीब, असहाय, वृद्ध और जरूरतमंदों के बीच कपड़ा बांटने की पहल शुरू की है। युवाओं ने संगठन का गठन कर अब सप्ताह में एक दिन कपड़ा वितरण का संकल्प लिया है। यूनिवर्सल प्राउटिस्ट स्टूडेंट फेडरेशन व संघर्षशील युवा अधिकार मंच के संयुक्त तत्वावधान में जिले के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर युवाओं की टीम कपड़ों का वितरण कर रही है। इस क्रम में शहर से सटे ताजपुर गांव में युवाओं ने असहाय, वृद्ध और जरूरतमंदों के बीच कपड़ाें का वितरण किया। इस दौरान ठंड के मद्देनजर गर्म कपड़े भी बांटे गए। कपड़ा पाकर लोग काफी खुश दिखे। वहीं युवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
अरविंद कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण और शीतलहर के बीच समाज का एक तबका परेशान है। ठंड की वजह से गरीबी रेखा के नीचे के लोगों का बुरा हाल है। यही वजह हैं कि सामाजिक सहयोग से समाजसेवा की भावना के तहत जरूरतमंदों के बीच कपड़ा वितरण कर उनकी मदद की जा रही है। बताया कि, जरूरतमंदों की मदद करना सबसे बड़ा पुण्य है।बताया कि प्रत्येक रविवार को संगठन द्वारा चिह्नित गांवों में कपड़ा वितरण किया जा रहा है। उन्होंने आम जनता से जरूरतमंदों की सेवा के लिए आगे आने की अपील की। साथ ही लोगों से इस मुहिम में जुड़ने की भी अपील की। कहा कि, एक छोटी सी कोशिश ज्यादा से ज्यादा लोगों को बड़ी राहत दे सकती है। जबकि, सामाजिक कार्यकर्ता मुकुंद प्रकाश मिश्र ने कहा कि, समाज सेवा के कई रूप है। लेकिन, लोगों को जिस तरह की जरूरत है, उसे पूरा करना ही सबसे बड़ी समाज सेवा है। मौके पर जितेंद्र राम राज किशोर गुप्ता, आदित्य कुमार, अरविंद कुमार व प्रिंस कुमार आदि मौजूद थे