मधुबनी में courier company कार्यालय से नौ लाख की लूट, जानिए कैसे दिया घटना को अंजाम
बदमाशों ने उड़ान कोरियर के कार्यालय में एक कर्मी को घायल कर करीब आठ लाख रुपये लूट लिए। प्राथमिकी दर्ज जांच में जुटी पुलिस।
मधुबनी, जेएनएन। झंझारपुर थाना क्षेत्र के महादलित टोला स्थित उड़ान कुरियर कंपनी के दफ्तर में घुसकर बाइक सवार दो अपराधियों ने आठ लाख रुपये लूटे। साथ ही एक लाख रुपये के सामान भी ले गए। इसे गंतव्य तक पहुंचाया जाना था। इस दौरान दफ्तर में मौजूद दो कर्मियों से मारपीट भी की। इसमें एक जख्मी हो गया। घटना की बाबत सोमवार देर शाम प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।
जख्मी कुरियर कंपनी के सुपरवाइजर शशिरंजन शर्मा ने बताया कि रविवार रात करीब आठ बजे डिलीवरी ब्वॉय अनिल कुमार कामत के साथ दफ्तर में रोकड़ मिला रहे थे। इसी दौरान दो लोग हेलमेट पहने आ धमके। दफ्तर का शटर गिरा दिया। हम दोनों ने विरोध किया तो चाकू निकालकर धमकी दी और मारपीट करने लगे। फिर दोनों के मुंह पर टेप लगा दिया। इसके बाद लॉकर और बाहर में रखी राशि लूट ली। साथ ही एक लाख का सामान भी लूटा। अपराधियों के जाने के बाद शोर मचाने पर लोग पहुंचे।
जख्मी शशिरंजन को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। इस बीच सूचना मिलने पर झंझारपुर थाना पुलिस और कुरियर कंपनी के स्टेट हेड राहुल झा भी पहुंचे। उन्होंने घटना को सही बताया। वहीं, प्रभारी थानाध्यक्ष राजकिशोर ने कहा कि रात और सुबह घटनास्थल पर गए। तब आवेदन नहीं दिया गया। सुबह जब वहां पहुंचे तो कुरियर कंपनी के दोनों स्टाफ घटना को लेकर एक-दूसरे को दोषी बता रहे थे। बहरहाल, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
घटना के संबंध में झंझारपुर ( मधुबनी) डीएसपी अमित शरण ने कहा कि मामला संदेहास्पद है। नौ लाख की लूट बताई जा रही है। यह समझ से बाहर लग रही है। आखिर आठ लाख रुपये कैसे रखा था? चिकित्सक ने घायल शशिरंजन शर्मा के शरीर पर घातक जख्म का निशान नहीं बताया है। घटना के बीस घंटे के बाद थाने में आवेदन दिया गया था। सघन जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।