दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार के लिए सकरा के भरथीपुर का चयन Muzaffarpur News
पंचायती राज मंत्रालय भारत सरकार की तरफ से हर साल उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायत को दिया जाता है पुरस्कार। तारीख की घोषणा अभी नहीं हुई है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जिले के सकरा प्रखंड अंतर्गत भरथीपुर पंचायत का चयन दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार 2020 के लिए किया गया है। प्रत्येक साल देश में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतों को मंत्रालय की तरफ से चयनित कर पुरस्कृत किया जाता है। मूल्यांकन वर्ष 2018-2019 के लिए भरथीपुर का चयन हुआ है। पंचायती राज विभाग के अपर सचिव ने पत्र में कहा कि यह विभाग व राज्य के लिए गौरव की बात है।
इधर, भरथीपुर पंचायत के मुखिया इंद्रभूषण सिंह अशोक ने कहा कि पुरस्कार के लिए चयन होने का पत्र मिला है। तारीख की घोषणा अभी नहीं हुई है। बताया कि दिल्ली में यह पुरस्कार दिया जाता है। एक बार पहले भी इस पुरस्कार को प्राप्त कर चुके हैं। उस समय सकरा प्रखंड के पैगंबरपुर पंचायत के मुखिया थे। पुरस्कार के लिए प्रखंड स्तर पर एक पंचायत का चयन कर जिला मुख्यालय को भेजा जाता है। जिला चयन समिति की तरफ से सोलह प्रखंडों में से दो का चयन कर पटना जाता है। जांच पड़ताल के बाद मंत्रालय से अनुशंसा की जाती है, तब वहां से पुरस्कार की घोषणा होती है।