विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में सरपंच की दबंगई: जमीन विवाद में पंचायत के बहाने परिवार को बंधक बनाकर पीटा, 112 की टीम ने बचाया

By Keshav PandeyEdited By: Nishant Bharti
Published: Fri, 11 Sep 2026 10:15 AM (IST)

मुजफ्फरपुर में जमीन विवाद सुलझाने के बहाने सरपंच और उसके बेटे ने एक परिवार को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। ...और पढ़ें

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर में सरपंच ने जमीन विवाद में परिवार को बंधक बनाया।

  2. सरपंच और बेटे ने बंधक बनाकर परिवार के सदस्यों को पीटा।

  3. डायल-112 टीम ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को सुरक्षित मुक्त कराया।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। मुशहरी प्रखंड की जमालाबाद पंचायत के सरपंच रामप्रवेश और उनके पुत्र मनीष कुमार पर पंचायत करने के बहाने एक ही परिवार के लोगों को घर में बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। 

जमीन विवाद को लेकर बुलाई गई इस पंचायत में कागजात देखते ही सरपंच इस कदर आगबबूला हुए कि उन्होंने पीड़ितों को कमरे में बंद कर डंडों से पीटना शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने आई महिला को भी नहीं बख्शा गया।

डायल-112 की टीम ने बंधक बने लोगों को मुक्त कराया 

घटना के बाद गांव में भारी हंगामा और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची डायल-112 की टीम ने बंधक बने लोगों को मुक्त कराया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस पीड़ित के शिकायत कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

पीड़ित मुन्ना कुमार ने बताया कि उनके दादा के नाम पर एक जमीन है, जिसे लेकर विवाद चल रहा था। इसी मामले को सुलझाने के लिए सरपंच रामप्रवेश ने उन्हें बातचीत के लिए अपने घर बुलाया था। मुन्ना अपने भाई के साथ सरपंच के घर पहुंचे, जहां सरपंच का भाई पहले से बाहर बैठा था। 

कागजात देखते ही सरपंच भड़क गए 

बातचीत के दौरान सरपंच ने जमीन के दस्तावेज मांगे। मुन्ना ने घर पर फोन कर अपने भाई की पत्नी को कागजात लेकर आने को कहा। जैसे ही महिला कागजात लेकर सरपंच के पास पहुंची, कागजात देखते ही सरपंच भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए उन्हें जलील करने लगे। 

जब मुन्ना और उनके भाई ने इसका कड़ा विरोध किया, तो सरपंच और उनके बेटे मनीष कुमार ने दोनों भाइयों को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद पलंग के नीचे से डंडा निकालकर दोनों पर टूट पड़े।

दरवाजा खुलवाकर पीड़ितों की जान बचाई

कमरे के अंदर से आ रही चीख-पुकार सुनकर जब मुन्ना के भाई की पत्नी बीच-बचाव करने कमरे में दाखिल हुई, तो दबंग सरपंच और उनके बेटे ने महिला के साथ भी मारपीट की। घर के बाहर मौजूद ग्रामीणों को जब इस बात की भनक लगी, तो मौके पर भारी भीड़ जुट गई और लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। 

स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाकर पीड़ितों की जान बचाई।

थानाध्यक्ष शरत कुमार ने बताया कि हंगामे और मारपीट की सूचना पर पुलिस बल को मौके पर भेजा गया था। सभी जख्मियों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। 

पीड़ित मुन्ना कुमार की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी सरपंच और उनके बेटे के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में इंस्टाग्राम पर हुए प्यार के बाद प्रेमी के घर पहुंची किशोरी, थाने में हुआ समझौता