विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महिला खिलाड़ी को अनुचित तरीके से छूने, अकेले में... समेत कई आरोपों में मुजफ्फरपुर में रग्बी कोच गिरफ्तार

Published: Thu, 16 Jul 2026 04:50 PM (IST)

Female Player Sexual Harassment Bihar: मुजफ्फरपुर में एक रग्बी कोच को महिला खिलाड़ी के यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग के आरोप ...और पढ़ें

काफी समय से चल रहा था फरार। फाइल फोटो

काफी समय से चल रहा था फरार। फाइल फोटो

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सहयोगी, कुढ़नी (मुजफ्फरपुर)। Muzaffarpur Rugby Coach Arrested: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से खेल जगत को शर्मसार करने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है।

रग्बी खेल के प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) की आड़ में एक महिला खिलाड़ी के साथ यौन शोषण और ब्लैकमेल करने के आरोपी कोच को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की गिरफ्तारी तुर्की थाना पुलिस द्वारा सकरी चौक के पास से की गई है। आरोपी कोच के खिलाफ पाक्सो (POCSO) और एससी/एसटी (SC/ST) एक्ट जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज था और वह काफी समय से फरार चल रहा था।

गलत हरकत और करियर बर्बाद करने की धमकी

एसडीपीओ पश्चिमी-टू अनिमेश चंद्र ज्ञानी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित महिला खिलाड़ी ने अपने कोच राहुल कुमार पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं।

प्राथमिकी के मुताबिक, आरोपी कोच ट्रेनिंग देने के बहाने कई बार खिलाड़ी को अनुचित तरीके से छूता था और अश्लील हरकतें करता था। इसके अलावा उसने खिलाड़ी को अकेले में मिलने और शारीरिक संबंध बनाने के लिए भी मजबूर करने का प्रयास किया।

जब पीड़िता ने इसकी मुखालफत की, तो आरोपी ने उसका करियर पूरी तरह खराब करने और उसे ट्रेनिंग कैंप से बाहर निकलवाने की धमकी दी। पीड़िता ने आरोपी पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है।

पटना में दर्ज हुई थी जीरो एफआईआर

यह मामला तब सामने आया जब तुर्की थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने इस साल 25 मार्च को पटना के कंकड़बाग थाने में आरोपी राहुल कुमार (निवासी चढ़ुआ गांव) के खिलाफ 'जीरो एफआईआर' दर्ज कराई थी।

चूंकि मामला मुजफ्फरपुर जिले का था, इसलिए पटना पुलिस ने केस को आगे की कार्रवाई के लिए तुर्की थाने को ट्रांसफर कर दिया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी कोच अपने घर से फरार था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।

जाल बिछाकर सकरी चौक से दबोचा गया

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तुर्की थानाध्यक्ष पंकज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। मंगलवार की रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सकरी सरैया चौक के पास देखा गया है।

पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया और चौक पर स्थित एक दुकान के पास से आरोपी राहुल कुमार को दबोच लिया। पुलिस अब आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पुख्ता साक्ष्य जुटाने में लगी है।