खेल के दौरान हुए आपसी विवाद में बच्चा जख्मी, आक्रोशितों ने विद्यालय में जड़ा ताला East Champaran News
हरपुरनाग मध्य विद्यालय में हुई घटना। खेलने के दौरान बच्चों के बीच विवाद हुआ। इसमें एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। लापरवाही का आरोपा लगा लोगों ने किया हंगामा।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। मेहसी प्रखंड के हरपुरनाग स्थित मध्य विद्यालय में खेलने के दौरान बच्चों के बीच विवाद हुआ। इसमें एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इससे नाराज लोगों ने जमकर हंगामा किया। साथ ही लापरवाही का आरोप लगाते हुए विद्यालय में तालाबंदी कर दी। शिक्षक- शिक्षिकाओं को स्कूल में प्रवेश नहीं करने दिया गया। आक्रोश के कारण शनिवार को शिक्षण व्यवस्था ठप रही। अभिभावक वरीय अधिकारियों को बुलाने, विद्यालय के शिक्षकों के सामूहिक स्थानांतरण की मांग कर रहे थे।
सूचना पर पहुंची बीडीओ गौरी कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक मनोज सिंह व विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष मोहम्मद निजाम ने तत्काल अभिभावकों से वार्ता कर स्थिति को सामान्य किया। अधिकारी द्वय ने वर्ग छह के घायल छात्र अमन कुमार से भी जानकारी ली। कहा कि अगर शिक्षक सजग रहते तो यह नौबत नहीं आती। प्रधानाध्यापिका व वर्ग शिक्षकों को व्यवस्था में सुधार को लेकर कई निर्देश दिए।
एक सप्ताह के अंदर स्थानांतरण के साथ साथ शिक्षकों के विरुद्ध उचित करवाई का आश्वासन दिया। तब लोग माने। घटना की बाबत ग्रामीण सीताराम साह, मोहम्मद ग्यास, मोहम्मद नुरैन आलम, अरङ्क्षवद कुमार जौहरी, जितेंद्र कुमार ने बताया कि बीते एक वर्ष में विद्यालय में यह तीसरी घटना है। शिक्षकों की लापरवाही के कारण खेलने के दौरान हुए विवाद में छात्र अमन कुमार बुरी तरह जख्मी हो गया। अगर व्यवस्था नहीं सुधरी तो फिर आंदोलन करेंगे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप