आरएसएस प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर का युवाओं से आह्वान, सामाजिक समस्याओं के समाधान में निभाएं सक्रिय भूमिका
Tarunoday Yuva Samvad Muzaffarpur: आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने मुजफ्फरपुर में कहा कि देश की जटिल ...और पढ़ें

युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर।
HighLights
युवाओं को सामाजिक समस्याओं के समाधान में सक्रिय होना चाहिए।
इंटरनेट मीडिया की भ्रामक जानकारियों से बचने की सलाह दी।
सामाजिक भेदभाव समाप्त कर हिंदू समाज को एकजुट करें।
अमरेंद्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। RSS Sunil Ambekar Statement: देश की बड़ी और जटिल समस्याओं का समाधान केवल सरकारों के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। युवाओं को खुद आगे आकर सामाजिक बदलाव में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
समस्याओं को लेकर आपस में उलझने के बजाय उन्हें समझकर उनका रचनात्मक समाधान तलाशने की सख्त जरूरत है। यह बातें आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कही हैं।
मुजफ्फरपुर में युवा संवाद
वे शनिवार को रामदयालु सिंह महाविद्यालय सभागार में आयोजित तरुणोदय युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित कर रहे थे। इंटरनेट मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर उन्होंने युवाओं को सजग रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में बहुत कम समय में अत्यधिक मात्रा में जानकारियां लोगों तक आसानी से पहुंच रही हैं।
भ्रामक सूचनाओं से बचें
उन्होंने कहा कि इंटरनेट मीडिया का सकारात्मक पक्ष तो है, लेकिन इसके साथ ही गलत और भ्रामक सूचनाएं भी तेजी से फैलती हैं। ऐसे में युवाओं को किसी भी जानकारी को सीधे स्वीकार करने के बजाय उसे सही तरीके से समझने और परखने की आदत विकसित करनी चाहिए।
प्रत्यक्ष अनुभव से समझें
सुनील आंबेकर ने संघ के बारे में सुनी-सुनाई बातों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे सीधे संघ की शाखाओं और सेवा प्रकल्पों में जाकर उसके वास्तविक कार्यों को प्रत्यक्ष रूप से समझें। समाज में जाति, भाषा और क्षेत्र के आधार पर किसी भी प्रकार का बिखराव नहीं होना चाहिए।
भेदभाव खत्म करने जोर
उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की एकजुटता से ही सामाजिक भेदभाव को जड़ से मिटाया जा सकता है। इसके लिए परिवार के बड़े आयोजनों में समाज के हर वर्ग को शामिल करना चाहिए। सामूहिक भोज में सभी को एक साथ बैठाकर भोजन कराने से ही आपस की सामाजिक दूरी को कम किया जा सकेगा।
10 करोड़ परिवारों से संपर्क
संघ के शताब्दी वर्ष के आयोजनों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष में देशभर में व्यापक घर-घर संपर्क अभियान चलाया गया है। इसके तहत 10 करोड़ से अधिक परिवारों तक सीधा संपर्क साधा गया। समाज के विभिन्न वर्गों का संघ के कार्यों में अभूतपूर्व सहयोग लगातार मिल रहा है।
युवाओं संग सार्थक चर्चा
कार्यक्रम के दौरान बेरोजगार, पलायन, इंटरनेट मीडिया, नशा और सामाजिक भेदभाव जैसे ज्वलंत मुद्दों पर युवाओं ने सवाल पूछे, जिसका आंबेकर ने उत्तर दिया। मौके पर विभाग संघचालक चंद्रमोहन खन्ना चन्नी, सह प्रांत प्रचारक प्रवीर, संजीव सिंह, सक्षम, वीरेंद्र, राकेश अंकज, अजय कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।
