Muzaffarpur News: हिंदू समाज की एकजुटता पर जोर, बच्चों को भारतीय संस्कारों से जोड़ने की अपील
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डा. कृष्ण गोपाल ने मुजफ्फरपुर में विजयादशमी उत्सव पर हिंदू समाज की एकजुटता को ...और पढ़ें

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से आयोजित विजय दशमी उत्सव पर पथ संचलन करते स्वयं सेवक। जागरण
अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डा. कृष्ण गोपाल ने कहा है कि हिंदू समाज की एकजुटता ही देश की सभी समस्याओं का समाधान है। भारत कभी विश्व अर्थव्यवस्था और ज्ञान का प्रमुख केंद्र था, लेकिन आपसी एकता की कमी के कारण पराधीनता झेलनी पड़ी।
डा. कृष्ण विजयादशमी उत्सव पर मुजफ्फरपुर क्लब मैदान में स्वयंसेवकों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर संघ की ओर से पथ संचलन भी निकाला गया। सह सरकार्यवाह ने कहा कि पांच सौ से एक हजार वर्ष पहले विश्व अर्थव्यवस्था में भारत की हिस्सेदारी 33 से 34 प्रतिशत थी।
सूती, रेशमी और ऊनी कपड़े, कालीन, मसाले, सुगंधित तेल और रत्न दुनिया के बाजारों में भेजे जाते थे। नालंदा, उदंतपुरी, विक्रमशिला और काशी जैसे शिक्षा केंद्रों में विदेशों से विद्यार्थी पढ़ने आते थे। इसके बावजूद एकजुटता कमजोर होने से देश पराधीन हो गया।
इसी स्थिति को बदलने के उद्देश्य से डा. केशव बलिराम हेडगेवार ने 1925 में विजयादशमी के दिन संघ की स्थापना की। नागपुर में कुछ बालकों से शुरू हुआ संगठन आज 90 हजार शाखाओं तक पहुंच गया है।

नशा और संस्कारहीनता समाज को कमजोर कर रहे
डा. कृष्ण गोपाल ने कहा कि नशा और संस्कारहीनता समाज को कमजोर कर रहे हैं। तलाक, आत्महत्या और एकल परिवारों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय है। बच्चों को हिंदी साहित्य, भगवद्गीता और भारतीय संस्कारों से जोड़ना जरूरी है।
हर गांव को नशामुक्त और स्वच्छ बनाने के साथ जातिभेद मिटाने के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि दुनिया उपभोगवाद और पर्यावरण संकट से जूझ रही है। ग्लेशियर पिघल रहे हैं। प्राकृतिक आपदाएं बढ़ रही हैं।
इन चुनौतियों से निपटने के लिए भारतीय जीवन मूल्यों को अपनाने और पौधारोपण को बढ़ावा देने की जरूरत है। उन्होंने बिहार में 67 हजार पौधे लगाए जाने का उल्लेख किया। कहा, अनेक संप्रदायों, पंथों और भाषाओं के बावजूद भारत में सह-अस्तित्व की परंपरा दुनिया को दिशा दे सकती है।
मौके पर प्रांत संघचालक अधिवक्ता गौरीशंकर प्रसाद, प्रांत प्रचारक रविशंकर सिंह विशेन, विभाग संघचालक चंद्रमोहन खन्ना चन्नी, केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री डा. राजभूषण चौधरी, महापौर निर्मला देवी, डा.ममता रानी, संजीव कुमार सिंह, श्यामसुंदर भीमसेरिया, प्रभात मलाकार, डा. अशोक शर्मा, भोला चौधरी और सुमित कुमार आदि मौजूद रहे।
