विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हनुमान अंश के बाद अब बनेगी 'महादेव अंश' फिल्म, बिहार से निकली कहानी, यूपी में होगी शूटिंग

Published: Fri, 16 Oct 2026 03:46 PM (IST)

Mahadev Ansh Film : हनुमान अंश के बाद अब 'महादेव अंश' फिल्म की तैयारी है, जिसकी कहानी बिहार के दरभंगा निवासी डॉ. विक्रम मिश्रा की धार्मिक पुस्तक पर आधारित है।

धार्मिक पुस्तक महादेव अंश का विमोचन करते साहित्यकार चेतन भगत ( काला बंडी में) , स्त्रोत स्वयं

धार्मिक पुस्तक महादेव अंश का विमोचन करते साहित्यकार चेतन भगत ( काला बंडी में) , स्त्रोत स्वयं

HighLights

  1. डॉ. विक्रम मिश्रा की पुस्तक पर आधारित है फिल्म।

  2. फिल्म की कहानी बिहार के दरभंगा से निकली है।

  3. इसकी शूटिंग वाराणसी में होगी, रिलीज 2027 में।

संवाद सहयोगी, केवटी (दरभंगा)। Varanasi Film Shooting : धर्म और अध्यात्म की कहानियां अब बड़े पर्दे पर नया रूप लेने जा रही हैं। ‘हनुमान अंश’ के बाद अब ‘महादेव अंश’ फिल्म की तैयारी है।

खास बात यह है कि इस फिल्म की कहानी बिहार के दरभंगा से निकली है, जबकि इसकी शूटिंग उत्तर प्रदेश की शिवनगरी वाराणसी में होगी।

वर्ष 2027 में रिलीज करने की योजना

दरभंगा केवटी प्रखंड के पिंडारूच पंचायत अंतर्गत गोपालपुर निवासी डा. विक्रम मिश्रा की धार्मिक पुस्तक ‘महादेव अंश’ पर फिल्म बनाई जाएगी।

शिव त्रिशूल प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनने वाली इस फिल्म को वर्ष 2027 में रिलीज करने की योजना है।

मुंबई के ताज होटल में साहित्यकार चेतन भगत ने डा . विक्रम मिश्रा द्वारा लिखित इस पुस्तक का विमोचन किया। फिल्म की कहानी आस्था और अध्यात्म पर आधारित होगी और इसकी शूटिंग वाराणसी में की जाएगी।

आस्था और अध्यात्म पर आधारित होगी फिल्म

डा विक्रम मिश्रा ने बताया कि फिल्म की कहानी उनकी पुस्तक ‘महादेव अंश’ पर आधारित होगी। उन्होंने इसे देवराहा बाबा के चरणों में समर्पित बताया।

फिल्म के माध्यम से भारतीय संत परंपरा, धार्मिक आस्था और अध्यात्म से जुड़ी मान्यताओं को दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। डा. मिश्रा के अनुसार, कहानी की रूपरेखा और पटकथा का पहला खंड राइटर्स एसोसिएशन में सुरक्षित कराया गया है।

फिल्म के गीतकार, संगीतकार, छायांकन निर्देशक और निर्देशक के साथ अनुबंध भी हो चुका है। फिल्म के आधिकारिक शीर्षक और पोस्टर की घोषणा जल्द किए जाने की तैयारी है।

ऑडिशन से चुने जाएंगे मुख्य कलाकार

फिल्म में मुख्य अभिनेता और अन्य कलाकारों का चयन ऑडिशन के माध्यम से किया जाएगा। निर्माण से जुड़ी टीम के अनुसार, फिल्म की शूटिंग वाराणसी में होगी।

हालांकि, शूटिंग शुरू होने की तारीख और कलाकारों के नाम अभी घोषित नहीं किए गए हैं।फिल्म की रिलीज के लिए वर्ष 2027 का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पटकथा और अन्य तकनीकी तैयारियों पर काम किया जा रहा है।

रवि राज मुर्मू करेंगे फिल्म का निर्देशन

'महादेव अंश’ पर बनने वाली फिल्म का निर्देशन रवि राज मुर्मू करेंगे। वह झारखंड के निवासी हैं और पुणे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान से पढ़ाई पूरी कर चुके हैं।

दी गई जानकारी के अनुसार, उन्हें लघु फिल्म ‘अंगेन’ के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुका है।

निर्देशन की जिम्मेदारी मिलने के साथ फिल्म की टीम ने निर्माण से जुड़ी तैयारियां आगे बढ़ायी हैं। अब दर्शकों को फिल्म के आधिकारिक नाम, पोस्टर और कलाकारों की घोषणा का इंतजार रहेगा।

गांव में बनवाया गंगेश्वरधार मंदिर

डा. विक्रम मिश्रा भगवान महादेव के भक्त हैं। उन्होंने अपने गांव गोपालपुर में गंगधारेशवर महादेव मंदिर का निर्माण कराया है। धार्मिक पुस्तक लिखने के बाद अब उसकी कहानी को फिल्म के माध्यम से बड़े पर्दे तक पहुंचाने की तैयारी है।

फिल्म के जरिए भारतीय संत परंपरा और अध्यात्म से जुड़े विचारों को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने की योजना है. यदि तय कार्यक्रम के अनुसार निर्माण पूरा होता है, तो फिल्म वर्ष 2027 में रिलीज हो सकती है।

यह भी पढ़ें- अक्टूबर का वेतन चाहिए तो पूरा कराएं डाटा सत्यापन, मुजफ्फरपुर में शिक्षा विभाग ने तय की समयसीमा