अक्टूबर का वेतन चाहिए तो पूरा कराएं डाटा सत्यापन, मुजफ्फरपुर में शिक्षा विभाग ने तय की समयसीमा
मुजफ्फरपुर के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के वेतन भुगतान के लिए डाटा सत्यापन प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रधानाध्यापकों को ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
शिक्षकों के वेतन भुगतान के लिए डाटा सत्यापन प्रक्रिया शुरू।
प्रधानाध्यापक आज ही बीआरसी में अभिलेख जमा करें।
अक्टूबर का वेतन सत्यापन के बाद ही मिलेगा।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । जिले के सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के वेतन भुगतान से जुड़े डाटा के सत्यापन को लेकर शिक्षा विभाग ने कई कदम उठाए हैं।
सभी सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को शुक्रवार को निर्धारित प्रपत्र में शिक्षकों के अभिलेखों का सत्यापन कर संबंधित कागजात प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) में जमा करने का निर्देश दिया गया है।
निर्देश के अनुसार, प्रधानाध्यापकों को विद्यालय में कार्यरत सभी शिक्षकों के डाटा का संबंधित अभिलेखों से मिलान करना होगा। सत्यापन के बाद निर्धारित प्रपत्र पर हस्ताक्षर और मुहर लगाकर शुक्रवार को ही बीआरसी में जमा करना है।
इसके बाद बीआरसी के लेखा सहायक को संकलित प्रतिवेदन हार्ड और साफ्ट कापी में उसी दिन शाम तक शिक्षा भवन में उपलब्ध कराना है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि अक्टूबर माह का वेतन भुगतान सीएमएमएस और एचआरएमएस के डाटा का सत्यापन पूरा होने के बाद ही किया जाएगा।
22 अक्टूबर तक पूरा करने टाइम लाइन दिया है। डीपीओ स्थापना शाखा ने संबंधित लिपिकों और कर्मियों को निर्धारित समय में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है।
वहीं, सर्व शिक्षा अभियान मद से वेतन पाने वाले शिक्षकों और स्थानीय निकाय के शिक्षकों के वेतन भुगतान के लिए सीएफएमएस प्रणाली में 21 अक्टूबर तक आइडी बनाने को कहा गया है।
नियमित वेतनमान वाले शिक्षक, विद्यालय अध्यापक, विशिष्ट शिक्षक, प्रधान शिक्षक और प्रधानाध्यापकों के वेतन भुगतान से संबंधित डाटा की भी समयसीमा के भीतर सत्यापन किया जाएगा।
इसके लिए प्रखंडवार लिपिकों और नोडल कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। अधिकारियों को बीईओ और प्रखंड लेखापाल सह डाटा इंट्री आपरेटर से लगातार संपर्क कर विवरण प्राप्त करने तथा पोर्टल पर उपलब्ध डाटा से उसका मिलान करने का निर्देश दिया गया है।
वहीं डाटा सत्यापन और वेतन भुगतान की प्रक्रिया समय पर पूरी करने के लिए कार्यालय कर्मियों को दुर्गापूजा के दौरान भी अवकाश नहीं मिल सकेगा। इसके बदले उन्हें नियमानुसार क्षतिपूर्ति अवकाश दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- दरभंगा में नई रेल लाइन, बाईपास और दोहरीकरण पर जोर, यात्री सुविधाओं के विस्तार की भी होगी निगरानी
