दरभंगा में नई रेल लाइन, बाईपास और दोहरीकरण पर जोर, यात्री सुविधाओं के विस्तार की भी होगी निगरानी
Darbhanga railway development : दरभंगा और मिथिला में रेल यात्रा को सुगम बनाने के लिए रेलवे विकास की पहल तेज ...और पढ़ें

जीएम के साथ बैठक करते सांसद (सौजन्य- सांसद के निजी सचिव)
जागरण संवाददाता, दरभंगा। मिथिला में रेल यात्रा को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाने की दिशा में रेलवे विकास की पहल तेज हो गई है। दरभंगा जंक्शन से लेकर संसदीय क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों तक बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और रेल नेटवर्क को आधुनिक बनाने की तैयारी है।
नई रेल लाइनों, दरभंगा बाईपास लाइन, दोहरीकरण और विद्युतीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति पर अब विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को दरभंगा जंक्शन पर सांसद डा. गोपालजी ठाकुर ने रेलवे के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर विकास परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की।
अमृत भारत स्टेशन से बदलेगी तस्वीर
सांसद ने दरभंगा जंक्शन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विश्वस्तरीय स्वरूप देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्टेशन के आधुनिकीकरण के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है।
संसदीय क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों के विकास और निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता भी जताई। इसके लिए नियमित निगरानी पर बल दिया गया, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित गति से हो सके।
प्लेटफार्म और वाशिंग पिट का होगा विस्तार
बैठक में नए प्लेटफार्म के निर्माण और वाशिंग पिट के विस्तार से जुड़े कार्यों पर भी चर्चा हुई। इन सुविधाओं के विकास से ट्रेनों के परिचालन और रखरखाव की व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। सांसद ने यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण को प्राथमिकता देने की बात कही।
नई ट्रेनों और ठहराव पर चर्चा
रेलवे अधिकारियों के साथ नई ट्रेनों के परिचालन और प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव से जुड़े मुद्दों की भी समीक्षा की गई। नई रेल लाइनों के निर्माण, दरभंगा बाईपास लाइन तथा दोहरीकरण और विद्युतीकरण कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। इन परियोजनाओं को मिथिला की रेल कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर
बैठक में पूर्व मध्य रेलवे की महाप्रबंधक डिंपी गर्ग, समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्र सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सांसद ने कहा कि दरभंगा और मिथिला को आधुनिक, सुगम एवं विश्वस्तरीय रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना उनकी प्रतिबद्धता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विकास कार्यों के सकारात्मक परिणाम जल्द सामने आएंगे।
