बोले रालोसपा सुप्रीमो, राज्य सरकार के रवैये से सूबे में तेजी से बढ़ रहा अपराध का ग्राफ Muzaffarpur News
हत्यारों को पकड़ऩा पुलिस प्रशासन के लिए बताया चुनौती। कहा इससे बड़ी घटना और क्या हो सकती है कि स्कूल में घुसकर अपराधकर्मी एक छात्र की हत्या दे।
मुजफ्फरपुर,जेएनएन। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने सीएम नीतीश कुमार पर एक बार फिर हमला बोला। कहा, राज्य सरकार के कुछ गलत रवैये के कारण सूबे में अपराध का ग्राफ काफी बढ़ गया है। वे विचार करें कि गरीब राज्य से कहां जाए? इससे बड़ी घटना क्या हो सकती है कि स्कूल में घुस कर एक छात्र की हत्या कर दी जाती है और प्रशासन से कुछ नहीं हो पा रहा। वे शनिवार को अहियापुर बड़ा जगन्नाथ स्थित मृतक छात्र सूरज के घर सांत्वना देने आए थे।
कहा कि सूरज होनहार लड़का था। उसके पिता की हालत काफी खराब है। उसकी हत्या के बाद भी मुंह खोलने पर पूरे परिवार को जान से मार देने की धमकी दी जा रही है। हत्यारों को पकडऩा पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से परिवार के लोगों को मुआवजा देने की मांग की। अगर,कोई अपराधी किसी के घर में घुसकर मारता है तो उनको हर हाल में मुआवजा मिलनी चाहिए। अगर कानून में प्रावधान नहीं हैं तो इस पर कानून बनाएं। इस कांड में गिरफ्तार अपराधियों पर स्पीडी ट्रायल चलाकर फांसी की सजा दिलाने की मांग की।
उन्होंने बाढ़ में तबाह हुए किसानों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की। कहा कि जहां सुखाड़ हैं वहां के किसानों को भी मुआवजा दें। मौके पर रालोसपा के प्रदेश अध्यक्ष फेकू राम, प्रदेश उपाध्यक्ष मंजीत सहनी, जिलाध्यक्ष प्रभु कुशवाहा, मदन चौधरी सहित अन्य कई लोग मौजूद थे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप