RJD MLA ने नीतीश की तारीफ में कही ये बात, तेजस्वी की न्याय यात्रा को बताया नौटंकी
राजद विधायक महेश्वर प्रसाद यादव ने लालू प्रसाद यादव के खिलाफ आग उगली। उन्होंने तेजस्वी की न्याय यात्रा को नौटंकी भी कह डाला। साथ ही सीएम नीतीश की तारीफ की। क्या है मामला, जानिए।
मुजफ्फरपुर [जेएनएन]। लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे और उनके जेल जाने के बाद राजद का नेतृत्व कर रहे तेजस्वी यादव के खिलाफ उनकी पार्टी के विधायक ने ही मोर्चा खोल दिया है। मुजफ्फरपुर के गायघाट से राजद विधायक महेश्वर प्रसाद यादव ने तेजस्वी की 'संविधान बचाओ न्याय यात्रा' को नौटंकी करार दिया है।
विधायक महेश्वर प्रसाद यादव ने कहा कि तेजस्वी के पिता कानूनी प्रक्रिया के तहत जेल गए हैं। इसमें संविधान का हनन कहां हो रहा? ऐसी यात्रा का औचित्य नहीं है। राजद विधायक ने पार्टी लाइन से हटकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ भी की। विधायक यादव ने कहा कि यहां जो भी विकास हो रहा वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कारण। देश-विदेश में आज बिहार का नाम नीतीश के कारण ही है।
मुजफ्फरपुर में ही सभा कर रहे थे तेजस्वी
तेजस्वी यादव गुरुवार को जिले के बोचहां में संविधान बचाओ न्याय यात्रा के तहत सभा कर रहे थे। राजद के सभी विधायक उनकी सभा को सफल बनाने में जुटे थे। दूसरी ओर एक निजी बैंक के कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे महेश्वर प्रसाद यादव तेजस्वी के खिलाफ गुस्से में दिखे।
इसके पहले भी इस विधायक ने महागठबंधन टूटने का ठीकरा लालू प्रसाद पर फोड़ा था। विधायक ने कहा कि हर क्षेत्र में लालू प्रसाद की राजनीतिक पारी समाप्त हो चुकी है। राजद के सभी नेता एक परिवार को बढ़ाने में लगे हैं। ऐसे में संविधान को बचाने के लिए निकाली गई यात्रा नौटंकी के अलावा कुछ नहीं।