300 करोड़ खर्च कर विकसित होगा रिवर फ्रंट, गंडक के किनारे ऐसा होगा स्वरूप
नमामि गंगे को लेकर 23 अक्टूबर को दिल्ली में होगी बैठक, भाग लेंगे नगर विकास मंत्री, नितिन गडकरी को सौंपेंगे डूडा द्वारा तैयार डीपीआर।
मुजफ्फरपुर(जेएनएन)। नमामि गंगे योजना के तहत तीन सौ करोड़ से शहर में रिवर फ्रंट का विकास होगा। इसके तहत बूढ़ी गंडक नदी के किनारे सड़क का निर्माण व प्रकाश की व्यवस्था होगी। नदी किनारे 11 घाट विकसित किए जाएंगे। मुख्य घाट पर हर दिन गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। सिकंदरपुर स्थित गांधी पुस्तकालय को गांधी आश्रम के रूप में विकसित किया जाएगा। नदी किनारे बसे लोगों को सामुदायिक आवासीय भवन बनाकर शिफ्ट किया जाएगा।
पार्क का निर्माण
खाली जमीन में पार्क का निर्माण कराया जाएगा। नदी में सुरक्षित बोटिंग की व्यवस्था होगी। उक्त बातें नगर विकास एवं आवास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा ने विशेष बातचीत में कहीं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 23 अक्टूबर को नमामि गंगे योजना को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में बैठक होनेवाली है। वे बैठक में शामिल होकर डूडा द्वारा तैयार डीपीआर केंद्रीय मंत्री को सौंपेंगे।उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी योजना पर काम तेजी से आरंभ कर दिया गया है। जल्द ही जमीन पर बदलाव दिखने लगेगा। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और बड़ी-बड़ी योजनाओं से शहर को जोडऩे की पहल दिखेगी।
इन सुविधाओं का होगा विकास
-शहर की ओर से बूढ़ी गंडक नदी के किनारे होगा सड़क का निर्माण।
-सड़क को एलइडी लाइट से किया जाएगा रोशन।
-नदी किनारे 11 घाटों का होगा निर्माण, प्रत्येक घाट पर कपड़ा बदलने को होगा कमरा।
-मुख्य घाट पर प्रतिदिन होगी गंगा आरती की व्यवस्था।
-नदी के किनारे-किनारे होगा पार्कों का निर्माण।
-सिकंदरपुर में होगा गांधी आश्रम का विकास।
-नदी किनारे सरकारी जमीन पर बसे लोगों को सामूहिक आवासीय भवन बनाकर दिया जाएगा फ्लैट।