धोखाधड़ी मामले में तेरह साल बाद सेवानिवृत्त चिकित्सक गिरफ्तार, जानिए मामला... Muzaffarpur News
गया जिले के डुमरिया थाना की पुलिस ने खबड़ा रोड से दबोचा। 2006 में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने दर्ज कराया था केस।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। धोखाधड़ी और सरकारी राशि गबन मामले में 13 साल बाद सेवानिवृत्त चिकित्सक कृष्ण भूषण नाथ को गिरफ्तार किया गया। गया जिला के डुमरिया थाना की पुलिस ने रविवार को काजीमोहम्मदपुर पुलिस के सहयोग से कलमबाग खबड़ा रोड स्थित उसके आवास से दबोचा। पूछताछ व कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित चिकित्सक को लेकर डुमरिया पुलिस चली गई। काजीमोहम्मदपुर थानाध्यक्ष मो. शुजाउद्दीन ने बताया कि 2006 का डुमरिया थाना का मामला था। इसी में आरोपित चिकित्सक को गिरफ्तार करने वहां की पुलिस आई थी। गिरफ्तारी के बाद उसे लेकर चली गई।
यह है मामला
बताया गया कि 22 जुलाई 2006 को डुमरिया थाना में एक प्राथमिकी दर्ज हुई थी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरिया के तत्कालीन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शैलेंद्र कुमार के बयान पर कांड अंकित किया गया था। इसमें तत्कालीन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कृष्ण भूषण नाथ और तत्कालीन लिपिक विरेंद्र शर्मा को आरोपित बनाया गया था। सरकारी राशि गबन और धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया था।
इस मामले में गया जिले के इमामगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने पर्यवेक्षण रिपोर्ट जारी कर घटना को सत्य बताते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी का आदेश दिया था। गिरफ्तारी नहीं होने पर कुर्की की कार्रवाई करने को कहा गया था। इसी दौरान दूसरे आरोपित तत्कालीन लिपिक ने अग्रिम जमानत ले ली। आरोपित चिकित्सक को खोजते हुए रविवार को डुमरिया पुलिस काजीमोहम्मदपुर थाना पहुंची। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी हुई।