मॉडल अस्पताल के रूप में विकसित होगा आरबीटीएस होम्योपैथिक कॉलेज, जानिए क्या होंगी विशेष सुविधाएं
RBTS Homeopathic College Muzaffarpur टीम ने किया कॉलेज की भूमि का सर्वेश्रण सरकार को दी गई रिपोर्ट। डीपीआर शीघ्र होगा तैयार सौ करोड़ से अधिक की लागत से अस्पताल में उपलब्ध होंगी सुविधाएं। साथ ही एलोपैथ के भी चिकित्सक भी नियमित तौर पर मरीजों को देखेंगे।
मुजफ्फरपुर, जागरण संवाददाता। राय बहादुर टुनकी साह होम्योपैथिक कॉलेज को अब मॉडल अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रत्येक राज्य से एक कॉलेज को मॉडल अस्पताल बनाना है। यह सूबे का अकेला सरकारी होम्योपैथिक कॉलेज है। सरकार की ओर से इसका चयन मॉडल अस्पताल बनाने के लिए किया गया है। कॉलेज में मरीजों के लिए बेहतर सुविधाओं का प्रबंध होगा। साथ ही एलोपैथ के भी चिकित्सक भी नियमित तौर पर मरीजों को देखेंगे। बच्चों के लिए स्पेशल वार्ड का निर्माण होगा।
बाहर होगा रजिस्ट्रेशन काउंटर, ओपीडी में भी बढ़ेंगी सुविधाएं
मॉडल अस्पताल के रूप में विकसित होने से लोगों को काफी सुविधाएं मिलेंगी। कॉलेज में बाहर की ओर रजिस्ट्रेशन काउंटर का निर्माण होगा। जबकि, ओपीडी में भी सुविधाएं बढ़ेंगी। पीजी स्तर पर नए कोर्स भी शुरू किए जाएंगे। बीएमएसआइसीएल की ओर से कॉलेज की भूमि का सर्वेश्रण किया गया है। इसकी रिपोर्ट विभाग को भेज दी गई है। अब इसका डीपीआर तैयार कर कार्य शुरू किया जाएगा। इसपर करीब 100 करोड़ से अधिक राशि खर्च होने का अनुमान है।
बनेगा छात्रावास, आडिटोरियम का होगा निर्माण
कॉलेज में छात्र-छात्राओं के लिए करीब 300 सीट के छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही 500 से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता वाला ऑडिटोरियम भी बनेगा। इसमें लिफ्ट और अन्य सुविधाएं भी होंगी। प्रत्येक कक्षा में 125 छात्रों बैठने की क्षमता के अनुसार कक्षाओं का निर्माण भी होगा। पूरा परिसर वाईफाई से लैस होगा और गार्डेनिंग भी की जानी है। प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को बच्चों को टीका की व्यवस्था भी है। इसे और वृहद स्तर पर अभियान के रूप में चलाया जाएगा।
इस बारे में आरबीटीएस होम्योपैथिक कॉलेज के प्राचार्य डॉ.एबी अंगार ने कहा कि कॉलेज को मॉडल अस्पताल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव सरकार की ओर से आया है। इसके लिए पिछले सप्ताह ही भूमि के सर्वेश्रण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब डीपीआर तैयार होने के बाद निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी। अस्पताल सभी अत्याधुनिक संसाधनों से लैस होगा।