Muzaffarpur Weather Update: सुबह-सुबह आसमान में बादल, सप्ताह के पहले दिन के लिए यह है मौसम पूर्वानुमान
Rainfall in Muzaffarpur Today सप्ताह के पहले दिन की शरुआत अच्छी कही जा सकती है। लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। आसमान में बादल छाया हुआ है। ठंडी पुरवा चल रही है। तापमान में तेजी से कमी देखने को मिल रही है।
मुजफ्फरपुर, आनलाइन डेस्क। जिला और आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए सोमवार की सुबह की शुरुआत अच्छी कही जा सकती है। आसमान पूरी तरह से बादलों से ढंका है। ठंडी पुरवा चल रही है। इससे गर्मी का अहसास नहीं हो रहा है। आज के लिए मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि दिन चढ़ने के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी तो होगी, लेकिन परेशान करने वाली गर्मी नहीं होगी। शाम और रात के समय मौसम में अचानक बदलाव देखे जा सकते हैं। पुरवा के प्रभाव की वजह से आर्द्रता काफी बढ़ गया है।
सोमवार की सुबह का तापमान 23 डिग्री है। अभी पूरब दक्षिण व पूरब दिशा से 17 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। आर्द्रता का स्तर काफी बढ़ गया है। यह 94 प्रतिशत है। दिन के समय अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहने का अनुमान है। इस समय भी आसमान में कुछ हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। शाम और रात के समय मौसम में बदलाव होने की संभावना है। इस समय कई स्थानों पर गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने की संभावना है। डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विभाग के नोडल पदाधिकारी डा.ए सत्तार ने बताया कि अगले तीन दिनों के अंदर उत्तर बिहार के जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।
पूर्वानुमानित अवधि में वर्तमान मौसमीय परिस्तिथियों के कारण अभी भी वर्षा की संभावना बनी रहेगी। जिसके चलते अधिकांश जिलों में हल्की वर्षा होने की संभावना है। तराई के कुछ जिलों में मध्यम वर्षा भी हो सकती है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सापेक्ष आद्र्रता सुबह में 80 से 90 प्रतिशत तथा दोपहर में 40 से 50 प्रतिशत रहने की संभावना है। पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पुरवा हवा चलने का अनुमान है।