चाइना लीची से आस लगाए किसानों के मंसूबे पर बारिश ने फेर दिया पानी, कीटों का प्रकोप बढऩे की आशंका
पेड़ और फल भींगे रहने के कारण नहीं हो सकी लीची की तुड़ाई। कई परेशानी से गुजर रहे किसान।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। चाइना लीची से लगी किसानों की उम्मीदों पर अब बारिश पानी फेरता दिख रहा है। शुक्रवार और शनिवार को हुई बारिश के बाद चाइना लीची पर कीटों का प्रकोप बढऩे की आशंका बढ़ गई है। जबकि, पेड़ और फल भींगे रहने के कारण रविवार को लीची की तुड़ाई भी नहीं हो सकी। किसानों की माने तो अब सोमवार से ही तुड़ाई शुरू होगी।
अरमान लॉकडाउन के चलते टूटे
बताते चलें कि इस बार शाही लीची की गुणवत्ता बेहतर नही रहने के कारण बाजार में वाजिब दाम नही मिला। शाही लीची से लगे किसानों का अरमान लॉकडाउन के चलते भी बिखर गया। ऐसे में किसानों की उम्मीदें चाइना लीची पर ही टिकी हुई हैं। लेकिन, मौसम की मार से चाइना लीची पर रोगों का खतरा उत्पन्न हो गया है। 10 जून से इसकी तुड़ाई होनी है। ऐसे में किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
माननीयों को शाही लीची भेजने की कवायद जारी
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री समेत अन्य माननीयों को शाही लीची भेजने की प्रशासनिक कवायद जारी है। उद्यान रत्न से सम्मानित किसान भोलानाथ झा द्वारा इसकी व्यवस्था कर दी गई है। हालांकि, बारिश के चलते तुड़ाई नही हो पाई थी। अब प्रशासनिक टीम द्वारा सोमवार को लीची की तुड़ाई कराई जाएगी।