विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 21, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

RSS की तुलना मुस्लिम ब्रदरहुड से कर बुरे फंसे राहुल: बिहार में उनके खिलाफ दर्ज हुआ मामला, 29 मार्च को सुनवाई

By Jagran NewsEdited By: Deepti Mishra
Published: Tue, 21 Mar 2023 08:01 PM (IST)

ब्रिटेन दौरे पर राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तुलना मिस्र के प्रतिबंधित आतंकी संगठन मुस्लिम ब्रदरहुड से की ...और पढ़ें

आरएसएस की तुलना मुस्लिम ब्रदरहुड से करने पर राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज।
आरएसएस की तुलना मुस्लिम ब्रदरहुड से करने पर राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज।

 जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने ब्रिटेन दौरे पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तुलना मिस्र के प्रतिबंधित आतंकी संगठन मुस्लिम ब्रदरहुड से की थी। इस मामले में राहुल गांधी के खिलाफ मुजफ्फरपुर में मामला दर्ज किया गया है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ यह मामला बिहार सिविल सोसाइटी के अध्यक्ष व न्यू एरिया सिकंदरपुर निवासी आचार्य चंद्र किशोर पाराशर ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) शशिभूषण कुमार के कोर्ट में दर्ज कराया है। इस मामले में कोर्ट 29 मार्च को सुनवाई होगी।

चंद्र किशोर पाराशर ने शिकायत में कहा कि वह हिंदूवादी विचारधारा पर सामाजिक कार्य करते हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक हैं। 5 मार्च को वह टीवी पर विभिन्न चैनलों की ओर से प्रसारित समाचारों को देख व सुन रहे थे। उसी दौरान उन्हें पता चला कि राहुल गांधी एक सप्ताह से ब्रिटेन के दौरे पर हैं। उन्होंने लंदन में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस की ओर से प्रवासी भारतीयों के कार्यक्रम व प्रेस कांफ्रेंस को उन्होंने संबोधित किया।

राहुल ने RSS की तुलना मिस्र के आतंकी संगठन से की

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तुलना मिस्र के प्रतिबंधित वामपंथी संगठन मुस्लिम ब्रदरहुड से की। उन्होंने कहा कि मुस्लिम ब्रदरहुड की सीक्रेट सोसाइटी की तरह आरएसएस की स्थापना हुई। आज भारत की सभी लोकतांत्रिक संस्थाओं पर आरएसएस ने कब्जा कर लिया है। वह नफरत फैलाने वाला तथा समाज को बांटने वाला संगठन बन गया।

पाराशर ने कहा- स्वयंसेवकों की भावनाएं आहत हुईं

पाराशर ने आरोप लगाया कि विदेश यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने विदेशियों के बीच आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी की है। प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तुलना करने से समर्थकों की भावनाएं आहत हुई हैं। विदेशी धरती पर सोची-समझी साजिश के तहत भारतीय लोकतंत्र, भारत सरकार व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बारे में तथ्यहीन एवं आपत्तिजनक बातें बोलकर देश व समाज को अपमानित किया गया है। इससे उन्हें असह्य पीड़ा हुई है और वे सदमे से गुजर रहे हैं। इसलिए वे गुजारिश करते हैं कि राहुल खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।