पेयजल को लेकर शहर में हाहाकार, लोगों में बढ़ रहा आक्रोश
संकट से निपटने में निगम प्रशासन विफल। जनता की नाराजगी झेल रहे पार्षद। जलस्तर गिरने से उत्पन्न हुई स्थिति। पानी के लिए हो रही मारामारी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। शहर में दिन-प्रतिदिन पेयजल संकट की समस्या गहराते जा रहा है। पानी के लिए हाहाकार मचा है। शहरवासियों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। पानी नहीं मिलने से नाराज लोगों में निगम के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वार्ड पार्षदों को उनकी नाराजगी झेलनी पर रही है। निगम लोगों की प्यास बुझाने में विफल साबित हो रहा है। मुखर्जी सेमिनरी रोड, मस्जिद चौक, चर्च रोड, सिकंदरपुर अंबेदकर नगर मोहल्ले के लोगों ने शुक्रवार को महापौर से पेयजल संकट से निजात दिलाने की गुहार लगाई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं निकला।
चर्च रोड में निगम के नलों से पानी भरने के लिए कई बार मारामारी की स्थिति उत्पन्न हो गई। निगम द्वारा उपाय नहीं किए जाने पर वार्ड 46 के पार्षद नंद कुमार प्रसाद साह निजी टैंकरों से पानी मंगाकर वार्डवासियों के बीच बांट रहे हैं। वहीं महापौर सुरेश कुमार ने नगर आयुक्त संजय दूबे के साथ समस्या से निपटने को विमर्श किया।
जलस्तर गिरने से विकराल हो रही समस्या
आसमान से आग बरस रहा है। इससे शहर के कई इलाके में भू-जलस्तर में तेजी से गिरावट आई है। इससे जहां लोगों के घरों में लगे मोटर पंप पानी नहीं खींच पा रहा है, वहीं दूसरी ओर निगम के पंप भी हांफ रहे हैं। लोगों के घरों के साथ-साथ सार्वजनिक चापाकल भी पानी नहीं खींच पा रहे है।
जल संकट वाले इलाकों में पानी टंकी से होगी आपूर्ति
जिन क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति गंभीर है, वहां निगम दो हजार लीटर की पानी टंकी रखकर पेयजल उपलब्ध कराएगा। शुक्रवार को महापौर सुरेश कुमार ने नगर आयुक्त संजय दूबे के साथ जल संकट से निपटने के उपायों पर चर्चा की। बैठक में जल संकट से सर्वाधिक प्रभावित इलाकों में दो हजार लीटर का टंकी रख उससे पानी उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। टंकी को निगम के टैंकरों से भरा जाएगा ताकि वहां से आसपास के लोग पानी ले सके।
एक तरफ पानी के तरस रहे लोग, दूसरी ओर हो रही बर्बादी
एक तरफ शहर के कई इलाकों में पानी के लिए लोग तरस रहे हैं, वहीं दूसरी ओर निगम की लापरवाही से पानी बर्बाद हो रही है। सड़कों के किनारे निगम की ओर से लगाए गए नलों में टोटी नहीं रहने से पानी बर्बाद हो रहा है। वहीं कुछ जगहों पर पेयजल सप्लाई पाइप लाइन में लिकेज होने से पानी सड़क पर बह रहा है। पानी के बर्बादी को रोकने के लिए निगम प्रशासन की ओर से कोई कारगर कदम नहीं उठाए जा रहे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप