मुजफ्फरपुर पॉलिटेक्निक कॉलेज में कंपार्टमेंटल परीक्षा के दौरान चले ईंट-पत्थर, रोड़ेबाजी में गार्ड समेत कई घायल
मुजफ्फरपुर के राजकीय पॉलिटेक्निक नयाटोला में कंपार्टमेंटल परीक्षा के दौरान छात्रों के दो गुटों में झड़प के बाद जमकर रोड़ेबाजी हुई, जिसमें एक गार्ड और कई छात्र घायल हो गए।

कंपार्टमेंटल परीक्षा के दौरान चले ईंट-पत्थर
HighLights
मुजफ्फरपुर पॉलिटेक्निक में कंपार्टमेंटल परीक्षा के दौरान छात्रों में झड़प।
रोड़ेबाजी में कॉलेज गार्ड हरेंद्र कुमार और कई छात्र घायल।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, कुछ छात्र हिरासत में।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। राजकीय पॉलिटेक्निक नयाटोला में कंपार्टमेंटल परीक्षा देने पहुंचे छात्रों के दो गुटों में बुधवार को झड़प के बाद जमकर रोड़ेबाजी हुई। इसमें कॉलेज के मुख्य द्वार पर तैनात गार्ड हरेंद्र कुमार के साथ कई छात्र घायल हो गए।
गार्ड के जबड़े में ईंट का टुकड़ा लग गया। काफी खून गिरने से उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। प्रारंभिक उपचार के बाद उसे अस्पताल भेजा गया।
आधा दर्जन छात्रों को पूछताछ के लिए थाने लाई
अचानक रोड़ेबाजी की सूचना पर शिक्षक बाहर आए और पुलिस की सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर कैंपस खाली कराया और छात्रों को शांत किया। वहीं आधा दर्जन छात्रों को पूछताछ के लिए थाने लाई।
राजकीय पॉलिटेक्निक में 23 पॉलिटेक्निक के करीब 1700 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंटल परीक्षा के लिए केंद्र बनाया गया है। दूसरे, चौथे व छठे सेमेस्टर में किसी भी पेपर में अनुत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
तीन दिन पहले भी हुई थी मारपीट
मधुबनी, दरभंगा, शिवहर समेत अन्य कॉलेज के विद्यार्थियों की बुधवार को पहली पाली में आखिरी पत्र की परीक्षा थी। पूर्व में छात्रों के दो गुटों में तीन दिन पहले भी जंक्शन पर मारपीट हुई थी। इसमें उन्होंने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी।

वहीं कुछ छात्रों के बीच करीब एक साल से रंजिश चल रही। परीक्षा समाप्त होने के बाद जैसे ही छात्रों का गुट बाहर निकला मारपीट शुरू हो गई। एक गुट कॉलेज कैंपस के भीतर से और दूसरा बाहर से ईंट व पत्थर उठाकर मार रहे थे। बीचबचाव को पहुंचे गार्ड को गंभीर चोट लग गई।
पूछताछ के बाद छात्रों को छोड़ा गया
कॉलेज के बाहर निर्माण कार्य होने से वहां ईंट-पत्थर पड़े थे। घटना को लेकर परिसर में अफरातफरी मची रही। पुलिस के पहुंचते ही उपद्रवी वहां से भागने लगे। मौके से कई छात्रों को सत्यापन के लिए पुलिस थाने लेकर पहुंची। पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
काजीमोहम्मदपुर थानाध्यक्ष चंद्रभूषण कुमार सिंह ने बताया मारपीट की सूचना पर पुलिस गई थी। कोई आवेदन नहीं मिला है। आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर दंपती हत्याकांड : छह संदिग्ध हिरासत में, कॉन्ट्रैक्ट किलर की तलाश तेज
