मुजफ्फरपुर दंपती हत्याकांड : छह संदिग्ध हिरासत में, कॉन्ट्रैक्ट किलर की तलाश तेज
मुजफ्फरपुर में रिटायर्ड बैंककर्मी दंपती अशोक कुंवर और नीलम कुंवर की चाकू मारकर हत्या के मामले में एसआईटी ने छह ...और पढ़ें

घटना स्थल पर मौजूद लोगों की फाइल फोटो।
HighLights
रिटायर्ड बैंककर्मी दंपती की चाकू मारकर हत्या।
पुलिस ने छह संदिग्धों को हिरासत में लिया।
कॉन्ट्रैक्ट किलर की तलाश में छापेमारी जारी।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । मिठनपुरा थाना के रामबाग चौरी इलाके में घर में घुसकर रिटायर्ड बैंककर्मी अशोक कुंवर (75) व उनकी पत्नी नीलम कुंवर (70) की चाकू मारकर हत्या मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए एसआइटी ने विभिन्न जगहों से छह संदिग्धों को उठाया है।
इन सभी को मिठनपुरा से अलग नगर थाने पर रखकर पूछताछ कर सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है। सीसी कैमरे के वीडियो फुटेज से इन सभी का मिलान किया जा रहा है। इसके अलावा घर से ले गए तीन मोबाइल का काल डिटेल व टावर लोकेशन को खंगाला जा रहा है।
अब तक की जांच में पुलिस को ठोस सुराग हाथ नहीं लगी है। इसके कारण किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। हिरासत में लिए गए संदिग्धों में सिकंदरपुर, अखाड़ाघाट, बेनीबाद व स्टेशन रोड इलाके के युवक शामिल है। इसमें एक संदिग्ध स्टेशन रोड इलाके में सिम कार्ड का व्यवसाय करता है।
विदित हो कि सोमवार की शाम घर के अंदर दंपती की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू की।
आसपास में लगे कई सीसी कैमरे को खंगाला। लेकिन जांच दर जांच अब तक तीसरे दिन भी पुलिस खाली हाथ है। नतीजा किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
घटना के तीसरे दिन पहुंचे नगर एएसपी वन, पीड़ित स्वजन से की पूछताछ
घटना के तीसरे दिन बुधवार को नगर एएसपी वन सुरेश कुमार पीड़ित स्वजन के घर पर पहुंचकर जांच की। बता दें कि दो दिनों के लिए नगर एएसपी वन अवकाश में थे।
स्वजन से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की गई। इस दौरान परिवार के सदस्यों, किरायेदार व दाई से पूछताछ कर उन सभी का बयान दर्ज किया गया।
पूछताछ में कई नई बातों का पता चला है। जिस पर पुलिस की जांच चल रही है। हालांकि जांच प्रभावित होने की वजह से विशेष जानकारी नहीं दी गई है। नगर एएसपी वन ने कहा कि स्वजन से पूछताछ कर जानकारी ली गई है। जिस जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
किरायेदार बनकर ठहरे कांट्रैक्ट किलर की गिरफ्तारी को कई जगहों पर छापेमारी
घटना की अब तक की जांच में यह स्पष्ट हो चुका है कि किरायेदार बनकर ही कांट्रैक्ट किलर उनके मकान में ठहरे थे, जो घटना को अंजाम देकर भाग निकले थे।
सीसी कैमरे के वीडियो फुटेज के आधार पर कड़ी से कड़ी जोड़कर पुलिस कांट्रैक्ट किलर की तलाश में जुटी है। इसके लिए विशेष टीम ने बुधवार की देर शाम तक गायघाट, बेनीबाद, दरभंगा, समस्तीपुर व आसपास के कई जगहों पर छापेमारी की।
एक टीम नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में भी कैंप कर रही है। इसके अलावा वीडियो फुटेज को दूसरे जिले की पुलिस से भी सांझा किया गया है।
हालांकि देर रात तक की चली कार्रवाई में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। दूसरी ओर घर से मिले रिटायर्ड बैंककर्मी के डायरी को भी खंगाला जा रहा है। उससे भी सुराग ढूंढा जा रहा है, जिससे घटना का पर्दाफाश किया जा सके।
