पूर्वी चंपारण में पुलिस टीम पर हमला, सात पुलिसकर्मी जख्मी, जानिए पूरा मामला East Champaran News
पूर्वी चंपारण के पकडीदयाल थाना क्षेत्र की घटना। एसपी के नेतृत्व में हुई छापेमारी 30 लोग गिरफ्तार। घायल पुलिसकर्मियों का चल रहा इलाज।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। जिले के पकडीदयाल थाना क्षेत्र के सिसहनी गांव में बुधवार को लॉकडाउन को लेकर लोगों को समझा रही पुलिस पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। इसमें एएसआइ समेत सात पुलिसकर्मी घायल हो गए। गांव के लोगों ने किसी तरह बचाया। बाद में भारी संख्या में पहुंची पुलिस ने भीड़ पर काबू पाया। घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस से पकड़ीदयाल अस्पताल पहुंचाया गया। एसपी नवीन चंद्र झा ने वहां का जायजा लिया। इसके बाद एसपी के नेतृत्व में छापेमारी की गई। इसमें 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया। एसपी ने कहा कि जख्मी पुलिसकर्मी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
मास्क व हेलमेट के बारे में दी जा रही था जानकारी
एसपी ने बताया कि लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस टीम सिसहनी गई थी। एक बाइक चालक को रोककर हेलमेट और मास्क लगाकर चलने के लिए समझाया जा रहा था। असामाजिक तत्वों से किसी बात को लेकर बहस हुई। इसके बाद ईंट -पत्थर, लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। इसमें एएसआइ हाबिल त्रिकी का सिर फटा और हाथ टूटा। साधुशरण ङ्क्षसह, चालक रामायण ठाकुर, महिला सिपाही इंदु कुमारी, अंजनी कुमारी, होम गार्ड मो. इमामुद्दीन और किशोरी राय बुरी तरह जख्मी हो गए। इनका उपचार जारी है। छापेमारी में एसपी के साथ पकड़ीदयाल एसडीओ मेधावी, डीएसपी दिनेश कुमार पांडेय, बीडीओ सूरज कुमार ङ्क्षसह, सीओ राजेश कुमार, इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष अर्जुन कुमार सहित कई थानों की पुलिस व एसएसबी के जवान थे।