समस्तीपुर के दलसिंहसराय में पुलिस टीम पर हमला, जानें क्या हो रही कार्रवाई Samastipur News
Police team attacked in Samastipur रास्ते के विवाद में जांच के लिए गई थी पुलिस टीम दारोगा सहित कई सिपाही घायल।
समस्तीपुर, जेएनएन। दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के विश्वासपुर गांव में बुधवार को रास्ते के विवाद की जांच करने गई पुलिस टीम पर लोगों ने लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इसमें दारोगा सहित पांच सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में सब इंस्पेक्टर शिव कुमारी त्रिपाठी, जमादार राकेश दुबे, शैलेंद्र सिंह, होमगार्ड जवान कृष्णदेव साह और महिला सिपाही संगीता कुमार हैं। मामले में पुलिस ने विश्वासपुर गांव निवासी हरदेव चौधरी के चारों पुत्र निरंजन चौधरी, अभिनंदन चौधरी, रोहित चौधरी और मार्कंडेय चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच सूचना पर डीएसपी कुंदन कुमार ने अस्पताल जाकर घायलों से जानकारी ली। साथ ही थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्र को हमलावरों पर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया।
पुलिस पर लगाया मारपीट का आरोप
ग्रामीण हरदेव चौधरी की पत्नी सीता देवी ने कहा कि बिना वारंट के पुत्र को पुलिस गिरफ्तार कर रही थी। जब खुद और सास झालो देवी ने विरोध किया तो पुलिस ने सास से मारपीट की। वह गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। बहू रूपम कुमारी से भी मारपीट की। इसके बाद चारों पुत्र को भी गिरफ्तार कर ले गई।
खड़ंजा सड़क बंद करने पर विवाद
विश्वासपुर गांव के रामबालक चौधरी, रामसुरेश चौधरी, श्रीकांत चौधरी, कमला प्रसाद चौधरी, देवकुमार चौधरी, रविशंकर चौधरी आदि ने पुलिस को आवेदन दिया था। शिकायत थी किहरदेव चौधरी और उसके पुत्रों ने खड़ंजा सड़क को बंद कर दिया है। आने-जाने में समस्या होती है। इसके मद्देनजर थानाध्यक्ष के आदेश पर जमादार राकेश दुबे पुलिस टीम के साथ जांच करने गए।
पुलिस टीम निरंजन चौधरी को पूछताछ के लिए साथ लेकर चली गई। इसके बाद हरदेव चौधरी के अन्य पुत्र गांव के आवेदकों से मारपीट करने लगे। इसकी सूचना के बाद रास्ते से गांव लौटी पुलिस टीम पर हरदेव चौधरी के परिवार के लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान सब इंस्पेक्टर शिव कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम पर भी लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर बरसाए गए। बाद में काफी संख्या में पुलिस के आने पर स्थिति नियंत्रित हुई।