बिहार में पुलिस पर हमला, दरोगा व तीन पुलिसकर्मी समेत आधा दर्जन से अधिक घायल, मोतिहारी की घटना
पूर्वी चंपारण में रघुनाथपुर पुलिस पर हमला हुआ है भीड़ के हमले में थाने का पुलिस वाहन भी हुआ क्षतिग्रस्त दोनों पक्षों से एक-एक गिरफ्तार 12 धुर गैरमजरूआ जमीन पर कब्जा करने के लिए वर्षों से लड़ रहे दोनों पक्षों के लोग।
पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), जासं। शहर से सटे तुरकौलिया रघुनाथपुर ओपी क्षेत्र की सपही पंचायत के सागरा टोला गांव में भूमि विवाद में दो पक्षों के बीच रविवार को हुई मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया। हमले में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं एक दरोगा व तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वहीं दोनों पक्षों की ओर से मारपीट व झड़प में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल पुलिसकर्मियों में प्रशिक्षु दरोगा रामशरण साह, रवि कुमार, दिगम्बर कुमार व राजू पटेल शामिल हैं। वहीं घायल ग्रामीणों में ललन कुमार, विनोद सिंह, रविन्द्र सिंह, बिजली सिंह, बलिस्टर कुमार, नगीना बैठा, रंभा देवी, लड्डू बैठा आदि शामिल हैं। रघुनाथपुर ओपी प्रभारी कंचन भास्कर ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों से एक-एक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में नगीना बैठा व विनोद सिंह है। वहीं पुलिस टीम पर हमला मामले में भुनेस बैठा, संतोष बैठा सहित दस नामजद व 15 अज्ञात पर एफआईआर दर्ज किया गया है। गिरफ्तार व्यक्तियों का पुलिस अभिरक्षा में इलाज कराया जा रहा है।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के डेढ़ -डेढ़ दर्जन लोगों को आरोपित किया है। बताया जाता है कि जब पुलिस विवाद सुलझाने वहां पहुंची तो दोनों पक्षों की ओर से ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया। जानकारी के अनुसार मुसाफिर बैठा व विनोद सिंह तथा उनके भाईयों के घर के सामने 12 धुर गैरमजरूआ जमीन है। इस भूखंड को दोनों पक्ष अपना बताता हैं। इसको लेकर दोनों पक्षों में कई वर्षों से झगड़ा होते आ है। कई बार पंचायती भी हुई लेकिन कोई हल नहीं निकला। इसी बीच रविवार को उक्त जमीन पर बनी झोपड़ी को उजाड़ने की कोशिश की जा रही थी। इसको लेकर दूसरे पक्ष ने मना किया। इससे बात बिगड़ गई और दोनों तरफ से जमकर लाठी डंडे चलने शुरू हो गए। इसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर जब पुलिस टीम पहुंचीं तो लोग और उग्र हो गए। ईंट पत्थर फेंकने लगे। इससे पुलिस जीप का शीशा टूट गया। किसी तरह पुलिस वहां से भाग निकलने में सफल रही।