बगहा में पुलिस टीम पर हमला, पूर्व प्रमुख पुत्र गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला WestChamparan News
पश्चिम चंपारण के बगहा पुलिस जिले के चिउटाहां की घटना। अवर निरीक्षक समेत दो पुलिस कर्मी जख्मी चल रहा इलाज। पुलिस के वरीय अधिकारी कर रहे मामले की जांच पूर्व प्रमुख भी आरोपी।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। बगहा पुलिस जिले के चिउटाहा में दो पक्षों के विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर पूर्व प्रमुख व उसके पुत्र ने हमला बोल दिया। जिसमें अवर निरीक्षक समेत दो पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावरों में से एक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक बगहा दो के पूर्व प्रमुख इंदजीत राम का पुत्र संजय राम है।
यह है मामला
चिउटाहा थाने के अवर निरीक्षक सुरेश मंडल पुलिस बल के साथ गश्ती पर निकले थे। उसी दौरान देखा कि संजय राम एक महिला के साथ मारपीट कर रहा है। पुलिस टीम ने युवक को मारपीट करने से मना किया तो मौके पर मौजूद पूर्व प्रमुख इन्द्रजीत राम व उसके पुत्र संजय राम ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। जिससे अवर निरीक्षक सहित एक अन्य जवान चोटिल हो गए। उसके बाद अन्य पुलिस कर्मियों व स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ और मौके से पुलिस ने संजय राम को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी राजीव रंजन ने बताया कि गिरफ्तार युवक व उसके पिता पूर्व प्रमुख के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए युवक को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच की जा रही है।