पीएम मोदी के वैशाली दौरे को लेकर मुजफ्फरपुर में नया ट्रैफिक रूट जारी, इन रास्तों पर भारी वाहनों की नो एंट्री
प्रधानमंत्री मोदी के वैशाली दौरे के मद्देनजर मुजफ्फरपुर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। तीन प्रमुख रास्तों पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि समस्तीपुर और सारण से आने वालों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी का वैशाली दौरा।
HighLights
पीएम मोदी के वैशाली दौरे के कारण यातायात बदलाव।
तीन प्रमुख रास्तों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित।
समस्तीपुर और सारण के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित।
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वैशाली दौरे का असर मुजफ्फरपुर की सड़कों पर भी दिखेगा। कार्यक्रम में लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है।
वैशाली की ओर जाने वाले तीन प्रमुख रास्तों पर भारी और व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं, समस्तीपुर और सारण की ओर से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। ऐसे में वैशाली जाने या मुजफ्फरपुर-हाजीपुर मार्ग से गुजरने की योजना बना रहे लोगों को घर से निकलने से पहले नया रूट जरूर जान लेना चाहिए।
तीन रास्तों पर भारी वाहनों की नो एंट्री
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर मुजफ्फरपुर जिला पुलिस ने यातायात प्रतिबंध लागू किया है। इसके तहत मनियारी थाना क्षेत्र के काजीइंडा चौक से महुआ की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी और व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इसी तरह फकुली चौक से दाहिनी ओर लालगंज जाने वाली सड़क पर भी भारी और व्यावसायिक वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। सरैया थाना क्षेत्र के माणिकपुर और बखरा चौक से वैशाली की ओर जाने वाले मार्ग पर भी ऐसे वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
समस्तीपुर से आने वाले वाहन इस रास्ते से जाएंगे
समस्तीपुर की ओर से मुजफ्फरपुर आने वाले और वैशाली जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। ये वाहन मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर मार्ग (एनएच-122, पुराना एनएच-28) से रामदयालु गुमटी पहुंचेंगे। यहां से रामदयालु तीनमुहानी होते हुए मधौल मोड़ और फिर एनएच-22 के रास्ते वैशाली की ओर जा सकेंगे।
सारण से आने वालों के लिए वैकल्पिक रूट
सारण की ओर से सरैया के रास्ते वैशाली जाने वाले वाहनों को भी निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना होगा। ऐसे वाहन पताही फ्लाईओवर से न्यू बाईपास होते हुए मधौल मोड़ पहुंचेंगे। यहां से एनएच-22 के रास्ते वैशाली की ओर जा सकेंगे।
एंबुलेंस और आकस्मिक सेवाओं को छूट
पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यातायात प्रतिबंध से आकस्मिक सेवाओं को छूट रहेगी। हालांकि, जरूरत और तत्कालीन परिस्थितियों को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव भी किया जा सकता है।
परेशानी होने पर इन नंबरों पर करें संपर्क
यातायात व्यवस्था से जुड़ी जानकारी या सहायता के लिए मुजफ्फरपुर यातायात नियंत्रण कक्ष के नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
- 06212211010
- 9431896700
- 06212212107
पुलिस ने लोगों से की सहयोग की अपील
मुजफ्फरपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मुजफ्फरपुर-हाजीपुर मार्ग पर वाहनों का दबाव और भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। अनावश्यक जाम से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।