गांधी ही नहीं पंडित नेहरू भी आए थे मुजफ्फरपुर, 1930 में बालूघाट आश्रम का किया था ऐतिहासिक दौरा
Pandit Nehru Muzaffarpur Visit 1930: पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 2 अप्रैल 1930 को मुजफ्फरपुर के ऐतिहासिक बालूघाट आश्रम का दौरा ...और पढ़ें

प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू भी खादी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने के लिए मुजफ्फरपुर आए थे।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Balughat Ashram Muzaffarpur History: स्वतंत्रता संग्राम के दौरान मुजफ्फरपुर की धरती कई ऐतिहासिक घटनाओं और महापुरुषों के आगमन की साक्षी रही है।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ही नहीं, बल्कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू भी खादी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने के लिए मुजफ्फरपुर आए थे।
दो अप्रैल 1930 को पंडित नेहरू ने बूढ़ी गंडक नदी के किनारे स्थित ऐतिहासिक बालूघाट आश्रम का दौरा किया था। यह आश्रम उस दौर में पूरे उत्तर बिहार में गांधीवादी विचारधारा और स्वदेशी खादी आंदोलन का एक प्रमुख केंद्र हुआ करता था।
राजकिशोर प्रसाद साहू की डायरी
बालूघाट आश्रम में उस समय सैकड़ों खादी कार्यकर्ता सूत कातने, खादी वस्त्र बुनने और स्वदेशी के विचार को जन-जन तक फैलाने में जुटे रहते थे, जिससे आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को जमीनी रूप मिल रहा था।
अपने प्रवास के दौरान पंडित नेहरू ने आश्रम के समर्पित कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया था। इन्हीं प्रमुख कार्यकर्ताओं में राजकिशोर प्रसाद साहू भी शामिल थे, जिनकी निजी डायरी में दो अप्रैल 1930 की उस ऐतिहासिक घटना का विस्तृत उल्लेख आज भी सुरक्षित है।
राजकिशोर प्रसाद अखिल भारतीय चरखा संघ के सदस्य तथा बिहार खादी ग्रामोद्योग संघ के मंत्री और बाद में अध्यक्ष भी रहे।

2 अप्रैल 1930 को चंदवारा आश्रम में पंडित जवाहरलाल नेहरू। फोटो सौ: श्रीरंजन साहू
बच्चों संग खिंचवाई थी यादगार तस्वीर
राजकिशोर प्रसाद साहू की डायरी के अनुसार, उस दिन आश्रम में पंडित नेहरू के भोजन का पूरा प्रबंध उन्हीं के जिम्मे था। राजकिशोर प्रसाद के पुत्र श्रीरंजन साहू ने पुरानी यादों को साझा करते हुए बताया कि पंडित नेहरू को भोजन परोसने के लिए उनके पिताजी ने घर के बच्चों को भी आश्रम में बुला लिया था।
भोजन करने के उपरांत पंडित नेहरू ने बेहद आत्मीयता के साथ उन बच्चों के संग एक सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई थी, जो आज भी उनके परिवार के पास एक अनमोल धरोहर के रूप में मौजूद है।
श्रीरंजन साहू का मानना है कि स्वतंत्रता आंदोलन की इस गौरवशाली विरासत को संजोने के लिए बालूघाट आश्रम का संरक्षण किया जाना बेहद जरूरी है, ताकि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा-स्रोत बना रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।