वाहन की ठोकर से दादा की मौत, पोता सहित दो लोग घायल
दुर्घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ से दुर्घटनास्थल पर सड़क जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर स्थानीय थानाध्यक्ष सदल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंंचे।
मधुबनी, जेएनएन। जिले के राजनखर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजनगर-मधुबनी मुख्य सड़क पर चिचरी चौक से पूरब स्थित पुलिया के समीप अज्ञात चार पहिया वाहन की ठोकर से साइकिल सवार वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। साइकिल पर सवार उक्त वृद्ध का पोता भी घायल हो गया। मौके पर जुटे लोगों ने उसे इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। मृतक का नाम
भोला ठाकुर(65) तथा उनका पोता भास्कर कुमार(15) है।
वे लोग स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत केवान गांव के निवासी हैं। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार भोला ठाकुर मोईन टोला से बीड़ी खरीद कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे लोग चिचरी चौक से पूरब स्थित पुलिया के पास पहुंचे तो विपरीत दिशा से आ रहे चार पहिया वाहन ने उनकी साइकिल में ठोकर मार दी। जिससे भोला ठाकुर की मौत हो गई तथा उनका पोता भास्कर घायल हो गया। दुर्घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ से दुर्घटनास्थल पर सड़क जाम की स्थिति बन गई।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सदल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रखंड प्रशासन के द्वारा मृतक के पुत्र कर्पूरी ठाकुर को बतौर पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार तथा मुखिया प्रतिनिधि नूनू दास ने कबीर अंत्येष्टि के तहत तीन हजार की सहायता राशि प्रदान की। थाना पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के दावे पर भरोसा करें तो उक्त घटना से पूर्व घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन ने पहले आगे-आगे जा रही बाइक को धक्का मारा। जिससे बाइक सवार सहित समेत पुलिया के पास स्थित गड्ढे में जा गिरे। फिर चार पहिया वाहन सामने से आ रहे दादा-पोते से जा टकराई। बाइक सवार के चोटिल होने की चर्चा थी। हालांकि उक्त बाइक सवार पुलिस के पहुंचने से पहले ही बाइक सहित जा चुका था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप