सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर हाईवे पर ट्रक व ऑटो की टक्कर में एक की मौत, आठ घायल
शादी के लिए लड़की देखकर लौट रहे थे ऑटो सवार, सभी मीनापुर के निवासी। विपरीत दिशा से तेज गति से जा रहे ट्रक से हुई टक्कर, वाहन जब्त।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर हाईवे पर बुधवार की रात महमुदपुर के पास ट्रक व ऑटो की टक्कर हो गई। हादसे में एक वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। वहींं ऑटो पर सवार आठ लोग घायल हो गए। घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर ट्रैफिक जाम की समस्या बन गई। अहियापुर थानेदार मनोज कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया। मृतक की पहचान विंदेश्वर राम (62) के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
बताया गया कि मीनापुर के डुब्बरबन्ना गांव से सभी ऑटो से महेश्वर राम के लड़का की शादी के लिए लड़की देखने तुर्की ओपी क्षेत्र में गए थे। वहां से ऑटो से घर लौट रहे थे। इसी क्रम में महमुदपुर के पास विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे ट्रक से ऑटो में टक्कर मार दी।
घायलों में महेश्वर राम, अशोक राम, किशन राम, नंदकिशोर राम, विनीत कुमार, नागेंद्र राम, ऑटो चालक जगदीश राय, नागो पासवान शामिल हैं। इसमें किशन की हालत गंभीर बताई गई है। बता दें कि इसी जगह पर दो साल पूर्व सड़क हादसे में दर्जनभर लोगों की मौत हो गई थी।