World Water Day 2021: विश्व जल दिवस पर शिवहर में कहीं प्रतियोगिता तो कही जल संरक्षण का संकल्प
World Water Day 2021 Sheohar News विश्व जल संरक्षण दिवस पर पानी के बचाव का संकल्प। स्कूलों में निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित। गांवों में लोगों को दी गई जल संरक्षण की जानकारी ग्रामीणों को दिलाया गया संकल्प।
शिवहर, जागरण टीम। विश्व जल दिवस पर जिले में पानी की बर्बादी को रोकने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर कहीं प्रतियोगिता का आयोजन कर जल के महत्व पर चर्चा की गई तो कही, ग्रामीणों को जल संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। विश्व जल दिवस पर पुरनहिया प्रखंड के मध्य विद्यालय बसंतपट्टी और मध्य विद्यालय दोस्तीया में चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें स्कूली बच्चों ने जल चक्र का पेंटिंग बना इसके बारे में जानकारी दी। साथ ही जल को बचाने और संरक्षण का भी संदेश दिया। बच्चों ने पानी के महत्व, संरक्षण व पुनः इसके उपयोग पर चर्चा की। सोख्ता निर्माण व इसके तहत होने वाले भूगर्भ जल भंडारण के बारे में भी संक्षिप्त जानकारी दी।
प्रतियोगिता में 120 बच्चों ने भाग लिया और अच्छी प्रस्तुति दी। शिक्षक तथा संस्था के सदस्यों ने प्रत्येक स्कूल से बेहतर प्रदर्शन करने वाले छह-छह बच्चों का चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया। इस अवसर पर सभी बच्चों ने जल संरक्षण एवं जल जीवन हरियाली के लिए संकल्प लिया। मौके पर श्रीराम फाउंडेशन सेवा संस्थान के रूपरंजन कुमार, वाटर फार पीपुल के भूषण कुमार, सभी सामुदायिक उत्प्रेरक, स्कूलों के शिक्षक के अलावा सभी छात्र-छात्रा मौजूद रहे।
उधर, शिवहर के मध्य विद्यालय सिंगाही, मध्य विद्यालय कुशहर और मध्य विद्यालय सुंदरपुर में विश्व जल दिवस पर जल संरक्षण आधारित क्विज का आयोजन किया गया। वहीं बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा अंबा दक्षिणी, उत्तरी और कुशहर में समुदाय के सभी लोगों को जल के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही जल संरक्षण पर चर्चा किया गया। इस अवसर पर लोगों ने जल के संरक्षण का संकल्प भी लिया। मौके पर वाटर फार पीपुल के तरूण मैथिली, सर्वश्री सेवा सदन के अमित पटेल, विकास कुमार, गूंजा कुमारी, राजन कुमार, प्रतिमा देवी व सुजीत कुमार आदि मौजूद थे।