सीतामढ़ी में भूमि विवाद में वृद्ध की हत्या, मामले में एक आरोपित गिरफ्तार Sitamarhi News
सीतामढ़ी के मेजरगंज थाना क्षेत्र के हीरोलवा गांव की घटना। अन्य आरोपितों की तलाश में चल रही छापेमारी। घटना में वृद्ध की बेटी और दामाद भी जख्मी।
सीतामढ़ी, जेएनएन। मेजरगंज थाना क्षेत्र के हीरोलवा गांव में भूमि विवाद को लेकर एक वृद्ध की हत्या कर दी गई। उसकी पहचान भजन महतो (60) के रूप में हुई। बचाने गई बेटी रामपरी देवी और दामाद रामजी महतो को भी मारपीट कर जख्मी कर दिया गया। घटना की बाबत वृद्ध के दामाद ने प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें सिकंदर महतो, पप्पू कुमार, राजकिशोर महतो, सुभाष महतो, जिनीस महतो, संजय महतो व चुन्नू महतो को आरोपित किया है। थानाध्यक्ष राजदेव प्रसाद यादव ने संजय महतो को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद शव को स्वजनों को सौंप दिया। थानाध्यक्ष ने कहा कि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
दामाद के मुताबिक, मंगलवार देर शाम ससुर पर आरोपितों ने फरसे से हमला किया। गर्दन पर गंभीर जख्म हो गया। एक हाथ और रीढ़ की हड्डी टूट गई। भजन महतो को पुत्र नहीं था। वह बेटी-दामाद के साथ बगल के गांव अखडीहा में रहता था। बताया कि सौतेले ससुर सिकंदर महतो से पूर्व से भूमि का विवाद था। मंगलवार शाम भजन महतो गेहूं की दौनी करा रहे थे। सभी आरोपित लाठी-डंडे व फरसा लेकर पहुंचे और बुरी तरह जख्मी कर दिया। बीच-बचाव करने पर बेटी-दामाद को भी जख्मी कर दिया। बाद में पुलिस ने तीनों को रेफरल अस्पताल लाया। जहां से भजन महतो और उसकी पुत्री को सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान बुधवार को भजन महतो की मौत हो गई।