पश्चिम चंपारण में भूमि विवाद में किसान की गला दबाकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस West Champaran News
हत्या कर शव घर के पीछे फेंक दिया गया। शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेज दिया है। बहू के बयान पर छह नामजद जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। नौतन थाना क्षेत्र के दक्षिण तेल्हुआ के शेखटोली निवासी किसान शेख कवल (60) की बदमाशों ने रविवार को घर से ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी। शव शेख कवल के घर के पीछे फेंक दिया गया। थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह निराला ने बताया कि पुलिस ने सोमवार को शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेज दिया है। उसके बदन पर चोट के कई निशान देखे गए हैं।
गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही सही कारण का पता चल सकेगा। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। मृतक की बहू आमरीन खातुन के बयान पर उसी गांव के शेख गुलाब, शेख सनु, शेख भोला, शेख पप्पू, बेबी खातून व मुन्नी खातून के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घटना का कारण भूमि विवाद बताया गया है। नामजद छह लोगों पर साजिश के तहत घर से बुलाकर ले जाकर हत्या किए जाने का आरोप है। बताया गया कि रविवार की दोपहर शेख कवल को आरोपी शेख गुलाब उसके घर से बुलाकर ले गया था। आरोपितों ने पूर्व में जान से मारने की धमकी भी दी थी।