राशन की दुकानों पर अब अंगूठा लगाकर उपभोक्ताओं को मिलेगा अनाज,जानें क्या है नई व्यवस्था Muzaffarpur News
पॉश मशीन से अनाज वितरण की चल रही तैयारीऑनलाइन होगी अनाज वितरण की मॉनीटरिंग। 11 प्रखंड के जन वितरण के दुकानदारों को दी गई ट्रेनिंग।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। अब जिले में पॉश मशीन से अंगूठा लगाकर खाद्य सुरक्षा के अनाज वितरण की योजना शुरू होगी। इस संबंध में आवश्यक तैयारियां चल रही हैं। 85 फीसद राशनकार्ड आधार से लिंक हो गए हैं। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने शेष 15 फीसद लाभुकों के राशनकार्ड को इस माह तक आधार से लिंक करने का निर्देश दिया है। 11 प्रखंडों में पॉश मशीन से अनाज वितरण की ट्रेनिंग दी गई।
ये है पॉश मशीन से अनाज मिलने की व्यवस्था
नई व्यवस्था में डीलर अनाज की कालाबाजारी नहीं कर पाएंगे। पॉश मशीन में उपभोक्ता का अंगूठा लगाकर ग्राहक की पहचान की जाएगी। अगर इससे उपभोक्ता की पहचान नहीं होती है तो आंख की पुतलियों से उसकी पहचान की जाएगी। इसीलिए राशनकार्ड को आधार से लिंक कराना अनिवार्य कर दिया गया है।
दुकानदार अब बुलाकर देंगे लाभुकों को अनाज
सरकार की ओर से जन वितरण प्रणाली से अनाज वितरण में बड़े पैमाने पर धांधली और भ्रष्टाचार की शिकायत के बाद यह कवायद की गई है। अब तक अनाज नहीं मिलने पर लाभुक धरना प्रदर्शन करते थे। डीलरों एवं पदाधिकारियों का घेराव करते थे, लेकिन नई व्यवस्था के लागू होते ही यह सब बंद हो जाएगा। अब डीलरों को प्राप्त लाभुकों की सूची के आधार पर उपभोक्ता को बुला कर अनाज देना पड़ेगा।
उपभोक्ताओं को बुलाने का यह होगा कारण
डीलरों को उपभोक्ता को बुलाकर अनाज देना होगा। इसका कारण होगा कि एक माह में जितने उपभोक्ताओं को डीलर अनाज वितरित करेंगे। उसी आधार पर अगले माह का अनाज आवंटन होगा। यदि नवंबर में 500 उपभोक्ता की सूची में 400 ने ही अनाज प्राप्त किया है तो दिसंबर में 400 लोगों का ही अनाज आवंटित होगा। ऐसे में अपने अनाज का कोटा बचाने के लिए डीलरों को उपभोक्ताओं को बुलाकर अनाज देना होगा।
इस बारे में मुजफ्फरपुर के जिला आपूर्ति पदाधिकारी महमूद आलम ने कहा कि सरकार ने जन वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए पॉश मशीन से नई व्यवस्था शुरू करने का निर्देश दिया है। इसको लेकर आवश्यक तैयारियां जोरों से चल रही है। अधिकारी स्तर पर प्रशिक्षण हो चुका है। अब डीलरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।