डॉन के बर्थडे पर जेल में मना जश्न, VIDEO VIRAL होने पर मचा हड़कम्प, सात निलंबित
बिहार के सीतामढ़ी जेल में कुख्यात पिंटू तिवारी ने अपना बर्थ-डे मनाया। इस दौरान जेल में जमकर मस्ती की गई। अब इसका वीडियो वायरल होने के बाद हड़कम्प मच गया है।
सीतामढ़ी [जेएनएन]। बिहार की जेलों में दबंग कैदियों की बहार के किस्से आम हैं। ताजा मामला सीतामढ़ी मंडल कारा में कुख्यात पिंटू तिवारी उर्फ पिंटू झा की बर्थ डे पार्टी का है। इसमें मटन-मछली से लेकर मिठाई तक के भरपूर इंतजाम थे। इसका वीडियो वायरल होने के बाद अब हड़कम्प मच गया है। जेल आइजी ने जांच का आदेश दिया है। जेल अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सात जेल कर्मियों को निलंबित कर दिया है।
बिहार के शिवहर का निवासी पिंटू तिवारी दरभंगा के चर्चित इंजी नियर डबल मर्डर केस में कैद है। वह उत्तर बिहार के चर्चित अपराधी संतोष झा गैंग का सक्रिय गुर्गा रहा है। उसके साथ वीडियो में जश्न मनाते नजर आने वाला धीरज जायसवाल बैरगनिया (सीतामढ़ी) के चर्चित राजा बाबू मर्डर केस में आरोपित है। वीडियो में पिंटू के साथ एक और कुख्यात कैदी सत्येंद्र ठाकुर भी नजर आता है।
जेल में मना कुख्यात के बर्थडे का जश्न
मिली जानकारी के अनुसार गत 28 अगस्त को सीतामढ़ी मंडल कारा में बंद कुख्यात पिंटू तिवारी ने बर्थ डे मनाया। इसके लिए जेल के भीतर केक लाया गया। पिंटू ने केक काटा और कैदियों को खिलाया। फिर भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें पिंटू के करीबी कई कुख्यात शामिल हुए। बर्थ डे पार्टी के दौरान पेड़ पर गुब्बारे लगा दिए गए। जेल के अंदर कैदियों ने मोबाइल से जमकर सेल्फी ली। कैदियों ने पिंइू को उपहार भी दिए। करीब दो घंटे तक जश्न चला।
वीडियो से सकते में जेल प्रशासन, जांच शुरू
अब वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन सकते में है। जेल आइजी ने जांच का आदेश दिया है। जेल अधीक्षक ने जांच के बाद दोषी कैदियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने की बात कही है। जेल अधीक्षक ने घटना के लिए प्रथमदृष्टया दोषी पाते हुए चार कक्षपाल और तीन उप कक्षपाल को निलंबित कर दिया है।
इस घटना के लिए कौन दोषी हैं, यह तो जांच के बाद ही पता चलेगा। लेकिन इसने व्यवस्था पर सवाल तो खड़ा कर ही दिया है।
पटना में पूर्व वार्ड पार्षद को दिन-दहाड़े भूना, सड़क पर उतरे लोगों ने पूछा- क्या यही है कानून व्यवस्था
बिहार में दो NDA नेताओं की हत्या: समस्तीपुर में JDU तो सिवान में LJP नेता को भून डाला